
सर्दियों के मौसम में इस प्रकार होंठ बने रहेंगे कोमल
Dec 10, 2024
सर्दियों के मौसम में अधिकतर महिलाएं होंठ फटने से परेशान रहती हैं। होठों को नरम बनाने के लिए बाजार में लिप बाम आदि कई चीजें आती हैं पर अधिकतर महिलाएं घरेलू तरीका अपनाना चाहती हैं जिससे उनके होंठ का रंग भी बरकरार रहे और वह कोमल बने रहें। ठंडी हवाओं और शुष्क वातावरण के कारण होंठ अक्सर फटने, सूखने लगते हैं जिससे जलन भी होने लगती है। इसका कारण सर्दी के मौसम में हवा और वातावरण में नमी की कमी होना है, जिससे त्वचा, विशेषकर होंठों की त्वचा सूखने लगती है और वह फटने लगती है। इस समस्या से बचने के लिए कई घरेलू और आयुर्वेदिक उपाय उपलब्ध हैं। इन उपायों का अपनाकर कोई भी इस समस्या से छुटकारा पा सकता है और अपने होंठो को मुलायम रख सकता है।
घी या मक्खन : घी और मक्खन दोनों ही त्वचा के लिए अत्यंत पौष्टिक होते हैं। सर्दियों में रात को सोने से पहले थोड़ा घी या मक्खन होंठों पर लगाएं। यह प्राकृतिक मॉइस्चराइजर का काम करता है और होंठों को नमी भी प्रदान करता है।
शहद : शहद एक प्राकृतिक हाइड्रेटिंग एजेंट है और यह एंटीबैक्टीरियल गुणों से भी भरपूर है। शहद को सीधे होंठों पर लगाएं और कुछ समय बाद धो लें। यह होंठों को मुलायम और स्वस्थ बनाए रखता है।
नारियल तेल : नारियल तेल में एंटीऑक्सिडेंट्स और एंटीइंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो सूखे और फटे होंठों को ठीक करने में मदद करते हैं। सर्दियों में दिन में कई बार नारियल तेल का उपयोग करें।
एलोवेरा जेल : एलोवेरा जेल का उपयोग होंठों की सूजन और जलन को कम करने के लिए किया जा सकता है. इसमें ठंडक देने वाला गुण होता है जो होंठों को राहत प्रदान करता है और फटने से भी बचाता है।
पानी : दिन में पर्याप्त पानी पीने से पूरे शरीर में नमी बनी रहती है, और होंठों के फटने की समस्या कम होती है।
तिल तेल : आयुर्वेद में तिल का तेल बहुत उपयोगी माना गया है। यह होंठों को गहरी नमी देता है और फटी त्वचा को ठीक करता है। सर्दियों में तिल के तेल को नियमित रूप से होंठों पर लगाने से वह मुलायम बने रहते हैं
बादाम तेल : बादाम तेल में विटामिन ई और एंटीऑक्सिडेंट्स होते हैं जो होंठों को मुलायम बनाते हैं और उन्हें ठंडे मौसम से बचाते हैं। रात को सोने से पहले बादाम तेल लगाएं।
गुलाब जल : गुलाब जल में त्वचा को ठंडक और नमी देने के गुण होते हैं। इसे एक कपास के रुई से होंठों पर लगाएं, यह होंठों को हाइड्रेटेड रखेगा और उन पर सूजन भी कम करेगा।