फोन-पे शेयर बाजार में होगा सूचीबद्ध, आईपीओ की तैयारी जारी

Feb 21, 2025

- कंपनी ने दिसंबर, 2022 में सिंगापुर से भारत में स्थानांतरण किया था

नई दिल्ली। भारत की सबसे बड़ी वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनी फोन-पे ने देश के शेयर बाजारों में सूचीबद्ध होने के लिए अपने संभावित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) की तैयारी शुरू कर दी है। फोन-पे का भाव वर्ष 2023 में आयोजित अंतिम वित्तपोषण दौर के दौरान 12 अरब डॉलर था। इसके साथ ही कंपनी ने दिसंबर, 2022 में सिंगापुर से भारत में स्थानांतरण किया था। फोन-पे ने एक बयान में कहा कि कंपनी अपने संभावित आईपीओ के संबंध में प्रारंभिक कदम उठा रही है और भारतीय शेयर बाजारों में सूचीबद्ध होने की योजना बना रही है। फोन-पे की ये लिस्टिंग भारतीय टेक स्टार्टअप्स के लिए एक बड़ा बेंचमार्क हो सकती है और डिजिटल फाइनेंस सेक्टर में नए निवेशकों के लिए नए अवसर खोल सकती है।

फोन-पे डिजिटल पेमेंट ऐप अगस्त 2016 में लॉन्च हुआ था और जनवरी 2025 तक, कंपनी के पास 59 करोड़ से ज्यादा रजिस्टर्ड यूजर और 4 करोड़ से ज्यादा व्यापारियों तक फैला एक विशाल डिजिटल पेमेंट नेटवर्क था। फोन-पे के जरिए रोजाना 31 करोड़ से भी ज्यादा ट्रांजैक्शन होते हैं, जिसका सालाना टोटल पेमेंट वैल्यू 145 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। बता दें कि बेंगलुरु स्थित यह कंपनी देश की सबसे बड़ी डिजिटल पेमेंट सेवा प्रदाता है, जिसका यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस में करीब 48 फीसदी बाजार हिस्सेदारी है।



Subscribe to our Newsletter