नई दिल्ली- सत्य निकेतन हादसे के बाद पीजी खाली कर रहे छात्र अभिभावक चिंतित

Sep 09, 2026

नई दिल्ली । दिल्ली में सत्य निकेतन हादसे के बाद छात्रों और उनके अभिभावकों में दहशत है। इसलिए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पीजी खाली कर सुरक्षित जगह पर शिफ्ट हो रहे हैं। दिल्ली के सत्य निकेतन में बीते रविवार (6 सितंबर) को पीजी की बिल्डिंग गिरने के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल बन चुका है। इस हादसे में सात लोगों की मौत हुई थी, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

अब बड़ी संख्या में छात्र यहां से पीजी खाली कर रहे हैं। देश के अलग-अलग इलाकों से पहुंचे अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और वे हॉस्टल-पीजी बदल रहे हैं। सत्य निकेतन इलाके में संकरी गलियां, तारों के जाल और जलभराव जैसी चीजें पहले से चर्चा में थीं, अब हादसे के बाद पूरे इलाके की बिल्डिंग पर सवाल खड़े हो रहे हैं, लिहाजा छात्र और छात्राएं यहां से शिफ्ट हो रहे हैं।

जिस दिन सत्य निकेतन में हादसा हुआ, उस वक्त दो छात्राएं इसी इलाके के एक पीजी में रह रही थीं। हादसे के समय ही उन्होंने पीजी खाली किया और अब एक अलग फ्लैट में शिफ्ट हो गई हैं।दोनों पहले एक-एक बेड के लिए करीब 15 से 16 हजार रुपये किराया देती थीं।अब दोनों मायापुरी में एक 2 बीएचके फ्लैट में रह रही हैं और दोनों मिलकर करीब 10 हजार रुपये किराया दे रही हैं। उनके मुताबिक अभिषेक ,पवन और युवराज उनके दोस्त थे, जो इस हादसे में अपनी जान गंवा चुके हैं।


Subscribe to our Newsletter