भारत-बांग्लादेश यात्री ट्रेन सेवाओं की बहाली पर ढाका में अहम बैठक

ढाका । भारत और बांग्लादेश के रेलवे अधिकारियों ने ढाका में तीन दिवसीय बैठक शुरू की है, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच निलंबित यात्री ट्रेन सेवाओं को बहाल करना है। ये सेवाएँ अगस्त 2024 से बंद हैं, जबकि मालगाड़ियाँ बिना किसी रुकावट के सुचारु रूप से चल रही हैं। बांग्लादेश रेलवे के एडिशनल डायरेक्टर जनरल (ऑपरेशन) मोहम्मद नज़मुल इस्लाम ने बताया कि बैठक में इन महत्वपूर्ण रेल संपर्कों को बहाल करने पर मंथन किया जा रहा है।

तीन प्रमुख यात्री ट्रेन सेवाएँ जो निलंबित हैं, उसमें मैत्री एक्सप्रेस (ढाका कैंटोनमेंट और चितपुर, कोलकाता के बीच), बंधन एक्सप्रेस (खुलना और कोलकाता के बीच), और मिताली एक्सप्रेस (ढाका कैंटोनमेंट और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच) शामिल हैं। इन सेवाओं को जुलाई 2024 में बांग्लादेश में बड़े पैमाने पर हुई नागरिक अशांति के कारण रोक दिया गया था।

इस अशांति के चलते तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना को इस्तीफ़ा देना पड़ा और देश में नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार का गठन हुआ। इस दौरान भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में भी तनाव देखा गया।

यह अंतर-सरकारी रेलवे बैठक (आईजीएमआर) ढाका में चल रही है, जिसमें भारतीय पक्ष की ओर से रेलवे बोर्ड के सदस्य (ट्रैफ़िक) और बांग्लादेश रेलवे तथा मंत्रालय के उच्च-स्तरीय अधिकारी शामिल हैं। इस्लाम के अनुसार, ट्रेन सेवाएँ कब और कौन-सी खास सेवाएँ फिर से शुरू होंगी, इसका अंतिम फ़ैसला इस आईजीएमआर की बैठक के बाद ही लिया जाएगा।

बैठक में दोनों पक्षों के बीच वित्तीय निपटान और बकाया राशि, ट्रेनों की आवाजाही का हिसाब-किताब, परिचालन दक्षता और बुनियादी ढाँचे के विकास जैसे विभिन्न ऑपरेशनल और प्रशासनिक मामलों पर भी चर्चा हो रही है।




Subscribe to our Newsletter