यात्रा में बुलाने की औपचारिकता तो निभाते : उमा भारती
Sep 06, 2023
जन आशीर्वाद यात्रा में नहीं बुलाने पर साध्वी ने जताई नाराजगी
भोपाल । भाजपा द्वारा निकाली जा रही जन आशीर्वाद यात्रा में नहीं बुलाने पर नाराज प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा कि कम से कम जन आशीर्वाद यात्रा में बुलाने के लिए निमंत्रण की औपचारिकता को निभाते। मुझे नहीं बुलाया, उनको लगता होगा कि अब तो हम सरकार बना लेंगे। मुझे प्रचार में बुलाएंगे तो भाजपा का प्रचार करूंगी। उन्होंने शिवराज सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सिंधिया ने आपकी सरकार बनाई। मैंने भी वर्ष 2003 में भाजपा की सरकार बनाकर दी थी। वर्ष 2020 के उपचुनाव में भाजपा के लिए प्रचार किया। कोरोना हो गया था।

11 दिन नहीं निकल पाई थी। भाजपा ने कहा कि आप प्रचार करें। मैंने प्रचार किया और 28 में से 22 सीटों पर चुनाव जीते। दरअसल, उमा भारती रविवार को राजधानी के अयोध्या नगर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर प्रांगण में एक पौधारोपण कार्यक्रम में पहुंची थीं। यहां उन्होंने महिलाओं के साथ मिलकर पौधे लगाए। इस दौरान उन्होंने कहा कि मप्र में शराबबंदी अभियान की शुरुआत अयोध्या नगर से ही की थी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शराबबंदी की। इसके लिए उनका धन्यवाद व अभिनंदन। प्रदेश की जनता यह तय कर ले कि सरकार भाजपा की ही बनाएंगे लेकिन गांधीजी, पंडित दीनदयाल व मोदी के आदर्शों पर चलने के लिए भाजपा को विवश करेंगे।

एक ट्वीट में उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को नसीहत भी दी कि कोई भी भाजपा का नेता व कार्यकर्ता अपने बेटे-बेटियों के विवाह में फिजूलखर्ची न करें।उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बने, इसके लिए मैं फिर मेहनत करूंगी। सभी से अनुरोध है कि वोट भाजपा को दें पर हर उम्मीदवार वचन लें कि सरकारी स्कूलों में अपने बच्चों को पढाएंगे व सरकारी अस्पतालों में स्वयं व स्वजन का इलाज कराएंगे।