अभिषेक किसी भी प्रकार के हालातों मे खेलने में सक्षम : कैफ
Oct 28, 2026
सपाट पिच के आलोचकों को उसकी बल्लेबाजी से मिला जवाब
नई दिल्ली । पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने भारतीय टी20 टीम के आक्रामक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा है कि वह किसी भी प्रकार के हालातों में खेल सकता है। कैफ ने कहा कि जिस प्रकार से अभिषेक ने हाल के दिनों में खेला है उससे उनकी आलोचना करने वालों को जवाब मिल गया है।
कैफ ने कहा कि जो लोग अभिषेक को सपाट पिच का खिलाड़ी कहते थे अब उन्हें ये अवसर नहीं मिलेगा। जिस प्रकार से उसने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों उन्हीं की धरती पर पीटा है। उससे साबित हुआ है कि वह किसी भी प्रकार की पिच पर खेल सकता है। कैफ का मानना है कि अभिषेक ने पिछले एक महीने के भीतर यह साबित कर दिया है कि वह कठिन और अलग-अलग हालातों में भी बड़ी व प्रभावशाली पारियां खेलने में सक्षम हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ उनकी 35 गेंदों में शतक और 15 गेंदों में अर्धशतक की पारी इसका उदाहरण है, खासकर तब जब न्यूजीलैंड की परिस्थितियाँ बल्लेबाजी के अनुकूल नहीं मानी जातीं।
कैफ ने साफ शब्दों में कहा, सबसे पहले, लोग यह कहना बंद कर दें कि अभिषेक शर्मा फ्लैट ट्रैक का खिलाड़ी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वास्तविकता इससे कोसों दूर है। कैफ ने बीते एक महीने में अभिषेक द्वारा खेली गई दो महत्वपूर्ण पारियों का जिक्र किया।
उन्होंने कहा, जापान में हुए एशियाई खेल के फाइनल में आपको याद होगा, उन्होंने मुश्किल पिच पर रन बनाए थे। वहां स्पिनर हावी थे और उन्हें पिच से मदद मिल रही थी, फिर भी अभिषेक ने एक मैच विजेता पारी खेली थी।
वहीं न्यूजीलैंड की परिस्थितियों पर बात करते हुए कैफ ने आलोचकों को घेरा, अब आ जाओ न्यूजीलैंड पर तो यहां भी लोग बात करते हैं कि यहां बैटिंग कंडीशन्स हैं। अरे भाई यहां बैटिंग कंडीशन नहीं हैं! उन्होंने बताया कि अभिषेक ने दो बिल्कुल अलग-अलग हालातों में अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया है, जो उनकी अनुकूलन क्षमता को दर्शाता है। कैफ ने कहा, वह हालातों के अनुसार प्रभावी पारियां खेल सकते हैं।
मैं तो हरगिज यह मानने के लिए तैयार नहीं हूं। बल्लेबाज को श्रेय देने की बात पर कैफ ने कहा, इसका श्रेय बल्लेबाज को मिलना चाहिए। उसने इतनी मेहनत की है और इसका फल मिल रहा है तो इसकी चर्चा और इसकी तारीफ होनी चाहिए।कैफ ने अभिषेक को एक बहुमुखी प्रतिभा वाला बल्लेबाज बताया है जो किसी एक प्रकार के हालातों में प्रभावी प्रदर्शन कर सकता है।