स्ट्रीट लाइटें बंद, सड़कें खराब; विधायक के बंगले पहुंचे लोग -बोले- निगम टैक्स पूरा ले रहा, सुविधा नहीं दे रहा
Sep 03, 2022
भोपाल के खेजड़ा बरामद स्थित प्रभातसिटी फेज-2 में रहने वाले कई लोग शनिवार सुबह गोविंदपुरा विधायक कृष्णा गौर के बंगले पहुंच गए। उन्होंने विधायक को बताया कि कॉलोनी में स्ट्रीट लाइटें बंद हैं और सड़क खराब है। नगर निगम टैक्स पूरा ले रहा, लेकिन सुविधा नहीं दे रहा। विधायक ने निगम कमिश्नर से बात कर समस्याएं सुलझाने का आश्वासन दिया।
कॉलोनी वार्ड-54 में आती है। जहां के लोग सुविधाओं से मोहताज है। विधायक गौर से मिलकर उन्होंने स्ट्रीट लाइट, पानी और जर्जर सड़कों की समस्या बताई। रहवासी रेणू चतुर्वेदी ने बताया, बिजली की समस्या काफी है। वॉल्टेज नहीं मिलता। इससे इलेक्ट्रॉनिक सामान खराब हो रहा है। बच्चों की पढ़ाई भी सही ढंग से नहीं हो पा रही। विधायक ने आश्वासन दिया है कि वे समस्या सुलझाएंगी।
चोरी की वारदातें भी हो रही
लोगों ने बताया कि, कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट अक्सर बंद रहती है। घरों में भी बिजली की समस्या है। इस कारण कई बार चोरी की वारदातें होने का डर भी रहता है। पहले भी कई चोरियां हो चुकी हैं। वॉल्टेज नहीं मिलने से टीवी, फ्रीज, वॉशिंग मशीन जैसे उपकरण भी खराब हो गए। कॉलोनी की सड़कें जर्जर हैं। इस कारण चलना मुश्किल हो रहा है। वहीं, पानी की समस्या भी है। विधायक गौर ने बताया, कॉलोनी के लोगों ने समस्याएं बताई हैं। उन्हें दूर करने के लिए अधिकारियों से कहा जाएगा।