वर्दी की मर्यादा भूल बन रहे अपराधी चौंका देंगे ये ताजा मामले

Aug 14, 2025

नई दिल्ली  घर बैठे खेलों और जीतों लाखों रुपये। यह लाइन बॉलीवुड स्टार से लेकर कई धुरंधर क्रिकेटरों के मुंह से सट्टा एप के प्रचार में टीवी पर सुनी होगी। इन एप की चकाचौंध में केवल आम लोग ही नहीं फंस रहे हैं। देश की सुरक्षा से लेकर आम लोगों को सुरक्षा में तैनात जवान भी इन एप के चक्रव्यूह में फंसकर कंगाल होने के बाद अपराधी बन रहे हैं। इसके बाद भी सट्टा एप पर दिल्ली पुलिस से लेकर तमाम राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियां शिकंजा नहीं कस पा रही हैं। अधिकतर ऑनलाइन सट्टा एप दुबई से भारत में संचालित हो रहे हैं। दिल्ली में पिछले दाे माह में तीन केस ऐसे आए हैं। जो ऑनलाइन सट्टे के चक्कर में अपराधी बन गए।

इसमें दो ऐसे हैं जो सरकारी नौकरी में तैनात थे। पिछले एक माह में बीएसएफ के कॉन्स्टेबल व उत्तर प्रदेश के कॉन्स्टेबल को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं, इन दोनों पुलिसकर्मियों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि ऑनलाइन सट्टे की लत ने उन्हें बर्बाद कर दिया। वह ड्यूटी के दौरान भी मोबाइल पर सट्टा लगाते थे। उन्हें ऐसा लगता था कि सट्टे में लाखों रुपये जीतकर अमीर हो जाएंगे। सट्टे से न केवल उन पर कर्ज हुआ। वह अपराधी भी बन गए। 12 साल तक जो रहा भरोसेमंद, उसी ने ऑनलाइन सट्टे के चक्कर में चार करोड़ रुपये का सोना चुराया। करोलबाग में एक नामी ज्वेलर के यहां पिछले 12 वर्षों से एक व्यक्ति मैनेजर का काम कर रहा था। ऑनलाइन सट्टे की ऐसी लत लगी कि दुकान के स्टोर से धीरे-धीरे करके चार करोड़ रुपये का सोना चोरी कर लिया। भेद खुल न जाए इसलिए चुपचाप फरार हो गया। ज्वेलर ने करोलबाग थाने में मैनेजर मनोज दोसाद के खिलाफ केस दर्ज करवाया। पुलिस ने इसके चेन्नई से गिरफ्तार किया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे ऑनलाइनसट्टी की लत है। सट्टा खेलने के लिए वह दुकान से सोना चोरी करता था और दूसरे ज्वेलर को बेचता था और उस पैसे से सट्टा खेलता था। पंजाब में तैनात बीएसएफ का जवान गौरव यादव ऑनलाइन सट्टे के जाल में इस कद्र फंस गया कि उसे लुटेरा बनना पड़ा। जुए की लत में सात लाख रुपये हार गया। इस कर्ज को चुकाने के लिए जवान ने दिल्ली के फर्श बाजार इलाके में आकर एक ज्वेलर की दुकान में लूट की वारदात को अंजाम दिया। देखते ही देखते एक जवाब कब लुटेरा बन गया उसे पता ही नहीं चला। पुलिस ने इस जवान को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया था।


Subscribe to our Newsletter