भाइयों के बीच हुआ झगड़ा, बचाने आई मां और भाभी तलवार के वार से हुई घायल

Jul 29, 2023


भोपाल। बैरसिया थाना इलाके में दो भाइयों के बीच विवाद हो गया। झगड़ा बढ़ने पर नशे में धुत छोटे भाई ने तलवार निकाल ली और बीच-बचाव करने आई मां और भाभी को घायल कर दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इलाके में स्थित तलैया चौक में रहने वाले 41 वर्षीय नितेश यादव पिता दुर्गा प्रसाद यादव ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनके छोटे भाई दिनेश उर्फ पप्पू यादव को शराब पीने की लत है।

वो शराब के नशे में आए दिन घर में गाली गलौज कर विवाद करता रहता है। दो दिन पहले रितेश पत्नी सुनीता बाई और मां सावित्री बाई के साथ खाना खाकर सोने जा रहे थे। रात करीब 11 बजे छोटा भाई दिनेश शराब के नशे में घर आया और पारिवारिक बातों को लेकर गाली गलौज करने लगा। नितेश ने जब उसे गालियां देने से मना किया तब दिनेश ने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। बचाव करने आई मां सावित्री बाई और भाभी सुनीता बाई को भी दिनेश गालियां बकते हुए तलवार निकाल कर ले आया। झगड़े में सुनीता बाई और मां सावित्री तलवार लगने से घायल हो गई। इसके बाद मामला थाने जा पहुंचा जहां, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।


Subscribe to our Newsletter