
दावों में दम: जंगपुरा की जंग में मनीष सिसोदिया फंसेंगे या बचेंगे
Feb 06, 2025
नई दिल्ली। जंगपुरा विधानसभा सीट पर दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया चुनाव लड़ रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने यहां से पूर्व डिप्टी सीएम और शिक्षा मंत्री रहे मनीष सिसोदिया को उतारा है। वहीं भाजपा से तरविंदर सिंह मारवाह और कांग्रेस के फरहाद सूरी मैदान में हैं। सिसोदिया पहली बार जंगपुरा से मैदान में उतरे हैं। इससे पहले वह पटपड़गंज से चुनाव लड़ते आए हैं। इस बार पार्टी ने उनकी जगह शिक्षाविद् अवध ओझा को पटपड़गंज से उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में सीट फंसेगी या बचेगी इन दावों का दम 8 फरवरी को नतीजों में सामने आ जाएगा।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के रण में उतरे उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हो चुका है। इसके बाद सामने आए ज्यादातर एग्जिट पोल के अनुमानों में भाजपा सरकार बनती नजर आ रही है। हालांकि असल नतीजे आठ फरवरी को सामने आएंगे। उससे पहले हम आपको जी न्यूज और आईसीपीएल के सर्वे में बता रहे हैं। जिसने बताया है कि जंगपुरा विधानसभा सीट किसके खाते में जा रही है। सर्वे के अनुसार, जंगपुरा विधानसभा की जनता मनीष सिसोदिया को सपोर्टकर रही है। आप नेता 45 प्रतिशत जनता की पसंद हैं। दूसरे नंबर पर भाजपा प्रत्याशी तरविंदर सिंह मारवाह हैं जिन्हें 40 फीसदी लोगों ने पसंद किया है। इसके बाद कांग्रेस उम्मीदवार फरहाद सूरी को 15 प्रतिशत लोगों ने अपने नेता के तौर पर चुना है।
सिसोदिया के जंगपुरा से चुनाव लड़ने की वजह से यह सीट हॉट सीट बन गई है। नई दिल्ली के बाद सबकी नजरें इसी सीट के नतीजे पर हैं। 2013, 2015 और 2020 में पटपड़गंज से जीतने वाले सिसोदिया की इस बार पार्टी ने सीट बदल दी। हालांकि सर्वे के अनुसार उन्हें इसका नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा। बल्कि उन्हें जनता का साथ मिलता दिख रहा है। एग्जिट पोल के अनुसार, अरविंद केजरीवाल दिल्ली की जनता की पहली पसंद हैं। उन्हें 50 प्रतिशत लोगों ने अपनी पहली पसंद बताया है। इसके अलावा 30 फीसदी लोगों ने भाजपा के प्रवेश वर्मा और 20 प्रतिशत ने कांग्रेस के संदीप दीक्षित को अपनी पसंद बताया है। बता दें कि आप ने पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के चेहरे पर चुनाव लड़ा था।