राजधानी वासियों की सुरक्षा होगी और मजबूत एआई तकनीक से लैस कैमरों से होगी निगरानी
Sep 12, 2023
भोपाल । राजधानी के लोगों की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होने जा रही है। इसके लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई ) तकनीक से लैस कैमरे लगाए जाएंगे और मानीटरिंग सिस्टम को अपग्रेड किया जाएगा। सबसे पहले इन कैमरों को रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले बाजारों में लगाया जाएगा। इसको लेकर एक प्रस्ताव पुलिस कमिश्नरेट में तैयार हो रहा है। हालांकि अभी इसमें थोड़ा वक्त लगेगा। हम बता दें कि की राजधानी में अभी 153 स्थानों पर 781 सीसीटीवी कैमरे काम कर रहे हैं। इसमें पीटीजेड, एएनपीआर और फिक्स कैमरे शामिल हैं।
इसके अलावा आईटीएमएस के कैमरे भी काम कर रहे हैं। ये कैमरे अभी शहर के वाहनों की नंबर प्लेट का पढ़ते हैं। हालांकि अभी इन कैमरों का उपयोग स्थानीय पुलिस किसी आपराधिक वारदात के बाद बदमाशों की तलाश करने के लिए करती है। आने वाले समय में शहर में जो नए सीसीटीवी लगाए जाएगे। उसमें एआइ तकनीक का उपयोग किया जाएगा।
इसमें फेस रिकग्निशन तकनीकी के माध्यम से बदमाश के चेहरे का स्कैन किया जाएगा। इसके बाद बदमाश बच नहीं पाएगे। एक बार इन कैमरों में आने के बाद उसकी फोटो इसी तकनीक के अन्य कैमरों में भी लग जाएगी। इधर, शहर के आउटर के 16 स्थानों पर बाहर और अंदर आने वाले मार्ग पर 94 कैमरे लगाने की तैयारी है। इन स्थानों पर फिक्स और एनपीएआर कैमरे लगाए जा रहे हैं। जिसकी लागत करीब ढाई करोड़ आएगी। इसके लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरु होने वाली है। पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र का कहना है कि आने वाले समय में इसी तकनीक के कैमरे लगाए जाएगे।