मुंबई फरार होने की फिराक में था मासूम से दुष्कर्म का इनामी आरोपी
Aug 11, 2023
- पुलिस ने स्टेशन के पास से दबोच लिया
भोपाल। सुखी सेवनिया पुलिस ने मासूम के साथ दुष्कर्म के फरार इनामी आरोपी को रेल्वे स्टेशन के पास से उस समय दबोच लिया जब वह ट्रैन में सवार होकर मुबंई भागने की फिराक में था। पुलिस ने बताया की नाबालिग से दुष्कर्म किये जाने की शिकायत मिलने पर ओटिया कला थाना बरेली जिला रायसेन के रहने वाले आरोपी राहुल उर्फ टीटू धाकड़ पिता विष्णु धाकड़ के खिलाफ बीते दिनो थाना सुखी सेवनिया के अपराध क्रमांक 72/23 धारा-363, 366,376 भादवि 3/4 पॉक्सो एक्ट की धाराओ में मामला दर्ज किया गया था।
एफआईआर दर्ज होने की भनक लगने पर आरोपी अपने ठिकाने से भाग गया था। काफी तलाश करने पर भी जब वह हत्थे नहीं चढ़ सका तब उसकी गिरफ्तारी पर दो हजार का इनाम घोषित किया गया था। बीते दिन टीम को मुखबिर से सूचना मिली की फरार आरोपी रानी कमलापति स्टेशन से ट्रैन में सवार होकर मुम्बई भागने की फिराक में है। खबर मिलने पर पुलिस टीम स्टेशन पहुचीं जिसे देख आरोपी राहुल ने भागने का प्रयास किया लेकिन टीम ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जायेगा।