विमान में झटके लग रहे हैं और बर्फ जम रही है हम जमीन से टकराने वाले हैं
Nov 03, 2026
फ्लोरिडा में हुए भीषण विमान हादसे में को-पायलट ने बॉयफ्रेंड को भेजे थे मैसेज
वाशिंगटन,। अमेरिका के फ्लोरिडा में हुए भीषण विमान हादसे में दोनों पायलटों ने हादसे से ठीक पहले कॉकपिट में जिंदगी बचाने की कोशिश की। को-पायलट अपने करीबियों को संदेश भेज रही थी, वहीं विमान के अंदर कैप्टन जेफ ग्रेगरी ने ईश्वर से प्रार्थना शुरू कर दी थी।
कुछ ही मिनटों बाद विमान तेजी से नीचे गिरा और सड़क पर आग के गोले में तब्दील हो गया। यह निजी विमान रविवार को फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी में सड़क पर गिरा था। घटनास्थल के आसपास सैकड़ों घर थे और विमान उनसे कुछ ही मीटर की दूरी पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हादसे के वीडियो में विमान जमीन से टकराते ही आग लग गई। टक्कर से सड़क पर बड़ा गड्ढा भी हो गया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विमान की 20 साल की को-पायलट हादसे से कुछ देर पहले तक अपने करीबियों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क में थी। उसके सौतेले पिता थियागो कॉर्टेलेटी ने द न्यूयॉर्क पोस्ट को बताया कि नतालिया ने दोपहर करीब 12:40 बजे अपने बॉयफ्रेंड को संदेश भेजा था। उन्होंने बताया कि नतालिया ने संदेश में लिखा था, विमान में झटके लग रहे हैं और बर्फ जम रही है। नतालिया को करीब नौ महीने के व्यावसायिक पायलट के अनुभव के दौरान लगभग 1,300 घंटे उड़ान का अनुभव था। वह अक्सर अपने बॉयफ्रेंड के साथ उड़ान भरती थी, जो खुद भी पायलट है।
मौसम बिगड़ने के साथ नतालिया ने विमान को 37 हजार फीट की ऊंचाई तक ले जाने की अनुमति मांगी थी। एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने इसकी मंजूरी दे दी थी। हालांकि, इसके 30 सेकंड से भी कम समय बाद विमान नियंत्रण से बाहर हो गया। दोपहर 12:48 बजे कॉकपिट से आपातकालीन संदेश यानी मेडे कॉल प्रसारित हुई। रेडियो संपर्क टूटने से ठीक पहले नतालिया की आवाज सुनाई दी। उसने कहा- हे गॉड! अब हमारे पास वक्त नहीं बचा है। इसके बाद विमान से कोई संदेश नहीं आया और कुछ ही देर में वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।