भुवनेश्वर में तलवारबाजों का आतंक, अस्पताल कर्मी पर हमला

Nov 03, 2026

- आठ से अधिक नकाबपोश बदमाशों ने मचाया उत्पात, वाहनों में तोड़फोड़

- पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही

भुवनेश्वर ।  ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में सोमवार शाम तलवारबाज बदमाशों ने एक बार फिर दहशत फैला दी। लक्ष्मीसागर थाना क्षेत्र के बुधनगर इलाके में आठ से अधिक नकाबपोश युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान निजी अस्पताल के एक कर्मचारी पर तलवार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। बदमाशों ने इलाके में खड़े वाहनों में भी तोड़फोड़ की।

घायल की पहचान बीजेबी के मैनशिखला बस्ती निवासी रंजन दास के रूप में हुई है, जो एक निजी अस्पताल में कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने रंजन पर बेरहमी से हमला किया। उनके सिर और गर्दन पर चोटें आई हैं। अस्पताल के सहकर्मियों ने किसी तरह उन्हें हमलावरों के चंगुल से बचाया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

इस दौरान एक अन्य युवक पर भी तलवार से हमला किए जाने की सूचना है। घटना की सूचना मिलने के बाद लक्ष्मीसागर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके जरिए आरोपियों की पहचान करने और उनके आने-जाने के रास्तों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 

गौरतलब है कि 1 सितंबर 2026 को भी बरमुंडा इलाके में देर रात करीब 11:30 बजे दवा खरीदकर लौट रहे दो युवकों पर हमला हुआ था। रास्ते में बाइक से सड़क रोक रहे दो युवकों को पीछे छोड़कर आगे निकलने पर बदमाशों ने उनका पीछा किया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए अचानक तलवार से हमला कर दिया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।



Subscribe to our Newsletter