राज्य वनसेवा परीक्षा-2022 में पद बढ़ने की उम्मीद खत्म पद बढ़ने की उम्मीद में पीएससी ने रोक रखे थे परिणाम

Aug 04, 2023


भोपाल । राज्य शासन की ओर से रिक्तियां बढ़ाने को लेकर मप्र लोकसेवा आयोग (पीएससी) को जवाब नहीं मिला है। पद बढ़ने की उम्मीद में पीएससी ने 20 दिनों से ज्यादा समय से राज्य वनसेवा परीक्षा-2022 का परिणाम रोक रखा है।  राज्य वनसेवा परीक्षा-2022 में पद बढ़ने की उम्मीद अब खत्म हो गई है। अब मप्र लोकसेवा आयोग ने परिणाम जारी करने की तैयारी कर ली है। राज्यसेवा परीक्षा और राज्य वनसेवा परीक्षा का विज्ञापन से लेकर आवेदन तक साथ होते हैं। दोनों परीक्षाएं भी एकसाथ होती हैं और परिणाम भी एकसाथ जारी होते हैं।
पीएससी ने संभवत: पहली बार एक परीक्षा का परिणाम जारी कर दूसरी का रोका था। पीएससी के निर्णय पर अभ्यर्थियों के बीच संदेह भी पैदा हुआ था। हालांकि पीएससी ने साफ कर दिया है कि अभ्यर्थियों के लाभ के लिए पद बढ़ने की उम्मीद और कोशिश के कारण रिजल्ट रोका गया है। राज्य वनसेवा परीक्षा-2022 में महज 15 पद घोषित किए गए हैं।
ये सभी पद परियोजना क्षेत्रपाल के हैं, जबकि दोनों उच्च श्रेणी यानी सहायक वन संरक्षक और वन क्षेत्रपाल (रेंजर) का एक भी पद घोषित नहीं किया था। पीएससी ने दिसंबर में परीक्षा के विज्ञापन के साथ ही सूचना जारी की थी कि विभाग ने अब तक इन दोनों पदों का मांगपत्र नहीं दिया है। यदि प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी होने तक इन पदों की रिक्तियां पीएससी को मिल जाती हैं तो पदों की संख्या में वृद्धि कर ये पद बढ़ा दिए जाएंगे।
पीएससी को उम्मीद थी कि शासन पद बढ़ा देगा। ऐसे में परिणाम रोककर एक बार फिर इंतजार किया गया। हालांकि अब तक पीएससी को जवाब या बढ़ी रिक्तियों की जानकारी नहीं मिली है। ऐसे में अब पीएससी वनसेवा का परिणाम जारी करने की तैयारी कर रहा है। राज्यसेवा परीक्षा में शामिल होने वाले ऐसे उम्मीदवार जिनके पास विज्ञान व तकनीकी संकाय की डिग्री होती है, वे राज्यसेवा के साथ वनसेवा में भी शामिल हो सकते हैं। परीक्षा साथ ही आयोजित होती है।
इस साल 50 हजार से ज्यादा ऐसे उम्मीदवार हैं जिन्होंने वनसेवा का विकल्प भी चुना था। परिणाम जारी होने का ये सभी इंतजार कर रहे हैं। पीएससी ने भी मुख्य परीक्षा के अगले चरण की घोषणा रोक रखी है। इस बारे में पीएससी ओएसडी रवींद्र पंचभाई का कहना है कि आयोग परिणाम रोक कर पद बढ़ने की उम्मीद कर रहा था ताकि अभ्यर्थियों को लाभ मिले। अब आयोग और इंतजार नहीं करेगा। तैयारी पूरी है। दो-चार दिन में ही वनसेवा परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया जाएगा।


Subscribe to our Newsletter