
ऑनलाइन चैलेंज के चक्कर में किशोर की मौत
Feb 25, 2025
ब्राजीलिया । ब्राज़ील में एक 14 साल के किशोर की रहस्यमय तरीके से मौत हो गई। यह लड़का एक ऑनलाइन चैलेंज के चक्कर में खुद को अजीब तरह का इंजेक्शन लगा बैठा, जिसके कारण उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ गई। अस्पताल में एक हफ्ते तक इलाज के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।
डावी न्यून्स मोराइरा नाम के इस लड़के को अचानक उल्टियां होने लगीं और वह लड़खड़ाने लगा, जिसके बाद उसके पिता उसे तुरंत अस्पताल ले गए। जांच के दौरान पता चला कि उसने अपने शरीर में एक ऐसा तरल पदार्थ इंजेक्ट किया था, जिसमें जली हुई तितली की राख मिलाई गई थी। यह सुनकर डॉक्टर भी हैरान रह गए और तत्काल उसकी हालत सुधारने की कोशिशें शुरू कर दी गईं। लड़के को ब्राजील के विटोरिया दा कोनक्विस्टा जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ उसकी जान बचाने में जुटे रहे। लेकिन सात दिन तक चले इलाज के बाद भी उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और अंततः उसने दम तोड़ दिया। अब इस मामले की जांच बाहिया पुलिस कर रही है, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि मौत की असली वजह का पता लगाया जा सके। विशेषज्ञों का कहना है कि ऑनलाइन ट्रेंड्स के कारण किशोरों की जान जोखिम में पड़ रही है, और माता-पिता को बच्चों की डिजिटल गतिविधियों पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। ब्राजीलियाई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस को शक है कि यह सब एक सोशल मीडिया ट्रेंड के चलते हुआ है।
हालांकि, मरने से पहले डावी ने किसी भी ऑनलाइन चैलेंज में हिस्सा लेने की बात से इनकार किया था, लेकिन उसने यह कबूल किया कि उसने इंजेक्शन खुद ही लिया था। उसने बताया कि उसने इस मिश्रण को एक कैमिस्ट से मिली चीजों की मदद से तैयार किया और उसे अपने पैर में इंजेक्ट किया। अस्पताल के विशेषज्ञ लुईज़ फर्नांडो डी. रेलवास के अनुसार, इस इंजेक्शन से लड़के को गंभीर संक्रमण या एलर्जिक रिएक्शन हो सकता था। उन्होंने आशंका जताई कि उसे एम्बोलिज्म भी हो सकता है, जो शरीर में हवा जाने से होता है और घातक साबित हो सकता है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर खतरनाक चैलेंज को लेकर बहस छिड़ गई है। सुदामा/ईएमएस 25 फरवरी 2025