सोनिया ने मना किया, राहुल न पर अड़े, तो क्या प्रियंका संभालेंगी कांग्रेस की कमान!
Aug 24, 2022
कांग्रेस का नया अध्यक्ष कौन होगा, इसे लेकर पार्टी में माथापच्ची जारी है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी दोबारा इस पद को संभालने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। हालांकि, पार्टी के ज्यादातर नेता उनके अध्यक्ष बनने के पक्ष में हैं। सोनिया गांधी के सामने इन नेताओं ने दिया तर्क कि गांधी परिवार के अलावा और कोई पार्टी को बांध के नहीं रख सकता। पार्टी बिखर जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के बड़े नेताओं ने सोनिया गांधी को सलाह दी है कि अगर राहुल गांधी नहीं मानें, तो सोनिया गांधी ही 2024 तक कांग्रेस की अध्यक्ष बनी रहें। या फिर प्रियंका गांधी को पार्टी की कमान दी जा सकती है।
इस बीच सोनिया गांधी अपने रूटीन चेकअप के लिए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ विदेश जा रही हैं। ऐसे में अध्यक्ष पद का मामला लटक गया है। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद राहुल गांधी ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से सोनिया गांधी पार्टी के अंतरिम अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रही हैं, लेकिन अब सोनिया गांधी समेत कांग्रेस के ज्यादातर नेताओं की राय है कि 2024 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए राहुल गांधी को अध्यक्ष पद संभालना चाहिए। राहुल गांधी की तरफ से इस पर अब तक ‘हां’ नहीं कहा गया है।
सोनिया गांधी ने भी अपने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए फिर से पार्टी अध्यक्ष की कुर्सी संभालने से इनकार कर दिया है। सूत्रों ने कहा कि सोनिया गांधी के इस फैसले ने सभी का ध्यान अब प्रियंका गांधी वाड्रा पर केंद्रित कर दिया है, क्योंकि 136 साल पुराने संगठन के अधिकांश सदस्य अभी भी यही चाहते हैं कि पार्टी की अगुवाई गांधी परिवार का ही कोई सदस्य करे. राहुल गांधी को इस बात के लिए काफी प्रेरित किया गया कि वे कांग्रेस अध्यक्ष पद की भूमिका स्वीकार करें, लेकिन कोई भी कोशिश अब तक सफल नहीं हो सकी है। 2019 के आम चुनाव में हार के बाद इस्तीफा देने के बाद से पार्टी सदस्यों की अपील को ठुकराते हुए, राहुल अपनी अनिच्छा पर अडिग रहे हैं। गांधी परिवार के इनकार के बाद अध्यक्ष पद की दौड़ में अशोक गहलोत पहले नंबर पर आते हैं, उसके बाद मुकुल वासनिक, वेणुगोपाल, कुमारी सैलजा, मलिकार्जुन खड़गे, भूपेश बघेल सहित कई नाम चर्चा में हैं।