सोनिया गांधी कालोनी अतिक्रमण से धंस गया नाला, टल गया हादसा
Aug 14, 2023
भोपाल। ऐशबाग के पास वार्ड 41 में स्थित सोनिया कालोनी का नाला धंसने से इसमें अतिक्रमण कर बनाई गई चाय-पान की दुकान भी धरासायी हो गई। गुमठी और चाय के काउंटर समेत अन्य सामान भी नाले में बहने लगा। इस दौरान यहां नाले पर बनाई लोहे की रेलिंग में खड़े होकर चाय पी रहा एक बुजुर्ग भी इसमें गिर गया। हालांकि पानी कम होने से बड़ा हादसा बच गया। समय रहते आसपड़ोस के लोगों ने बुजुर्ग और अन्य सामान को नाले से बाहर निकाल लिया। बता दें कि मानसून आने से पहले ही मीडिया में इस नाले पर हुए अतिक्रमण को लेकर कई बार खबर प्रकाशित की गई। तब बताया गया था कि यदि नालों से अतिक्रमण नहीं हटे तो वर्षा के दौरान बढ़ा हादसा हो सकता है। तब अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन भी दिया था। लेकिन इसके बाद जिम्मेदारों ने चुप्पी साध ली। जबकि अभी भी इस नाले पर आसपास 50 से अधिक अतिक्रमण है। लोगों ने लोहे के एंगल से नाले पर सीढ़ियां बना ली हैं। इसमें चाय-नाश्ता, वेल्डिंग और कार वाशिंग वर्कशाप समेत अन्य दुकानों का संचालन किया जा रहा है। लेकिन नगर निगम के अधिकारी कार्रवाई की बजाय पल्ला झाड़ रहे हैं।

अचानक गिरे नाले से मची भगदड़
यहां नाले के ऊपर लोहे के एंगल बिछाकर पक्का स्लैब डाला गया था। इसी के ऊपर चाय-नाश्ते की दुकान का संचालन किया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सीमेंट-कांक्रीट का स्लैब जर्जर हो गया था। नाला भी पक्का नहीं है। ऐसे में अधिक भार पड़ने से तेज आवाज के साथ दुकान भी नाले में गिर गई। जिसे देखकर दुकान के आसपास खड़े लोग नाले से दूर भागने लगे। साथ ही कुछ लोगों ने नाले के ऊपर से अपना अतिक्रमण भी हटाया।
मंत्री सारंग ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक विश्वास सारंग भी मौके पर पहुंचे और आसपास की स्थितियों का निरीक्षण किया। साथ ही नाले पर काबिज अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया।
अभी भी इस नाले पर 500 से अधिक अतिक्रमण
साेनिया गांधी के पास से निकलने वाला यह नाला आगे प्रभात पेट्रोल पंप से होकर अप्सरा टाकीज की तरफ बहता है। इसमें सानिया गांधी कालोनी, अफजल कालोनी और विसमिल्ला कालोनी समेत अन्य स्थानों पर 500 से अधिक अतिक्रमण है।
इनका कहना
सोनिया गांधी कालोनी में कुछ लोगों ने नाले के ऊपर लोहे के एंगल से सीढ़ियां बना ली हैं। इसमें एक स्थान पर चाय की दुकान भी है। लोहे के एंगल कमजोर होने से दुकान भी नाले में गिर गई। जल्द ही नाले का पक्का किया जाएगा।
अमन सिंह, एई सिविल जोन क्रमांक - 11