सिंगापुर में लोगों को मिली मास्‍क पहनने से आजादी, पर्यटकों को भी होम आइसोलेशन से राहत

सिंगापुर ने कोरोना वायरस महामारी को लेकर अपने यहां लगाए गए प्रतिबंधों में बुधवार से ढील दी है। यहां अब सार्वजनिक परिवहनों का इस्‍तेमाल करते समय और अस्‍पताल के अलावा कहीं और मास्‍क पहनने की जरूरत भी नहीं है। यह फैसला देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में कमी के मद्देनजर लिया गया है।

मास्‍क पहनने के आदेश से लोगों को राहत देने का ऐलान करते हुए देश के उप प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने कहा कि मास्‍क पहनना अब बस दो जगहों में अनिवार्य होगा। एक अस्‍पतालों, स्‍वास्‍थ्‍य सेवा इकाई, पॉलीक्‍लीनिक या एम्‍बुलेंस में और दूसरा सार्वजनिक परिवहनों में सफर के दौरान।

उन्‍होंने कहा, 'एयरपोर्ट जाते वक्‍त या स्‍कूल बस या कोई और प्राइवेट बस या टैक्‍सी में मास्‍क पहनना अब वैकल्पिक होगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सिंगापुर में इन दिनों अस्‍पतालों में कोरोना रोगियों की संख्‍या 400 से भी कम रह गई हैं। हालांकि, अभी भी अतिरिक्‍त सावधानी बरतते समय ट्रेन, बस, मेट्रो जैसे किसी भी सार्वजनिक परिवहन का इस्‍तेमाल करते वक्‍त मास्‍क पहनना जरूरी होगा।'

हालांकि, देश में कोरोना के हालात इस वक्‍त बेहतर हैं, लेकिन सिंगापुर में लोग अचानक आने वाले किसी भी बदलाव के लिए मानसिक रूप से तैयार हैं क्‍योंकि कोरोना का अगला वेरिएंट और भी खतरनाक साबित हो सकता है। स्वास्थ्य मंत्री ओंग ये कुंग (Ong Ye Kung) ने कहा कि सिंगापुर को साल के अंत में उत्तरी गोलार्ध की सर्दियों की लहर के लिए खुद को तैयार करना चाहिए, जिसके लिए अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोप सभी तैयार हैं।

मालूम हो कि उप-प्रधान मंत्री वोंग, स्वास्थ्य मंत्री ओंग और व्यापार व उद्योग मंत्री गान किम योंग की सह-अध्यक्षता वाली बहु-मंत्रालय टास्क फोर्स ने कहा, 'महामारी से बचाव के लिए टीकाकरण अभी भी सबसे उपयोगी है। देश में वर्तमान समय में सीमाओं पर लगाए गए प्रतिबंधों में ढील दी जाएगी।

इसके तहत अब सिंगापुर आने वाले उन सभी पर्यटकों को एहतियाती उपाय स्‍वरुप सात दिन तक घर में आइसोलेशन में नहीं रहना होगा, जो अभी भी पूर्ण रूप से टीकाकृत नहीं हैं।' हालांकि, सिंगापुर पहुंचने वाले हर यात्री के पास सफर शुरू करने के दो दिन पहले कराए गए कोविड टेस्‍ट का नेगेटिव रिपोर्ट होना जरूरी होगा।

Subscribe to our Newsletter