सिंगापुर पुलिस ने जाकेश से की सात घंटे पूछताछ मामला समुद्र में महिला के गिरने का

Aug 03, 2023


 भोपाल । पत्नी के समुद्र में गिर जाने को लेकर प्रदेश के इंदौर शहर के कारोबारी जाकेश साहनी से सिंगापुर पुलिस ने पूछताछ की। जाकेश सिंगापुर-मलेशिया टूर पर गए थे। पेंगाग में सिंगापुर पुलिस ने जाकेश से सात घंटे पूछताछ की। पुलिस हेलीकाप्टर से क्रूज तक पहुंची थी। जाकेश बुधवार को इंदौर लौट आए। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात उनकी पत्नी रीता की क्रूज से समुद्र में गिरने से मौत हो गई थी। कनक एवेन्यु निवासी 70 वर्षीय जाकेश होटल कारोबार से जुड़े रहे हैं। जाकेश व उनकी पत्नी रीता 24 जुलाई को सिंगापुर -मलेशिया टूर पर गए थे।

रविवार-सोमवार को पेगांग से समुद्र के रास्ते स्पेक्ट्रम आफ द सीजस नाम क्रूज से लौटते वक्त रीता अचानक लापता हो गई। जाकेश ने स्वयं क्रूज प्रबंधन को पत्नी के लापता होने की खबर दी।सूचना मिलने पर पुलिस हेलीकाप्टर से क्रूज पर पहुंची और जाकेश से सात घंटे पूछताछ की। उसे जाकेश के कथनों पर शक हो रहा था। उन्होंने बताया था कि वह सोने चले गए थे।

वह खुद पत्नी के गिरने की खबर से अचंभित हैं।बेटे अपूर्व ने तो सीसीटीवी फुटेज मांगे हैं ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके। प्रबंधन से फुटेज लेने के बाद जाकेश को भारत लौटने की अनुमति दी गई। हालांकि रीता का शव नहीं मिला है। रीता के बेटे अपूर्व ने भी मंगलवार को ट्वीट कर पीएमओ से मदद मांगी थी। अपूर्व के ट्वीट के बाद विदेश मंत्रालय सक्रिय हुआ। सांसद शंकर लालवानी ने भी विदेश मंत्रालय से मदद मांगी।

मप्र होटल एसोसिएशन अध्यक्ष सुमित सूरी ने सुरक्षा में चूक की जांच की मांग की है। सूरी के मुताबिक क्रूज से गिरने की घटना को गंभीरता से लेना चाहिए। यात्रियों की सुरक्षा का जिम्मा स्टाफ का है। मालूम हो कि जाकेश होटल राजशाही पैलेस से जुड़े रहे हैं।फिलहाल वे प्रापर्टी कारोबार कर रहे हैं। उनके बेटे आस्ट्रेलिया और मुंबई में रहते हैं। 



Subscribe to our Newsletter