
रुस ने बनाया अफगान क्वाड गठबंधन, भारत को करना चाहता है शामिल
Jan 28, 2025
-प्रस्ताव भारत के लिए चुनौतीपूर्ण, चीन, पाकिस्तान और ईरान भी हैं सदस्य
मॉस्को,। रूस ने अफगानिस्तान के भविष्य पर क्षेत्रीय शक्तियों के साथ मिलकर काम करने के लिए एक नया गठबंधन बनाया है, जिसे अफगानिस्तान क्वाड नाम दिया है। इस गठबंधन में ईरान, पाकिस्तान और चीन जैसे देश शामिल हैं और रूस अब भारत को भी इसमें शामिल करना चाहता है। हालांकि, भारत के लिए यह प्रस्ताव चुनौतीपूर्ण हो सकता है, क्योंकि इसमें भारत के दो प्रतिद्वंद्वियों पाकिस्तान और चीन के साथ एक मंच पर बैठना पड़ेगा, जो भारत के रणनीतिक हितों से टकरा सकते हैं।
रूसी विदेश मंत्री ने हाल ही में कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि भारत इस समूह का हिस्सा बनेगा और इसे अफगानिस्तान में सही कदम बताया। उन्होंने भारत और पाकिस्तान से एक-दूसरे की चिंताओं को दूर करने का भी आग्रह किया। भारत के रणनीतिक मामलों के विशेषज्ञ का मानना है कि पाकिस्तान का हिस्सा होना भारत के लिए खतरे की घंटी हो सकता है, क्योंकि पाकिस्तान के साथ रिश्ते पहले ही तनावपूर्ण हैं। अफगान क्वाड का गठन तब हुआ जब अफगानिस्तान में तालिबान के नियंत्रण के बाद क्षेत्रीय देशों को अफगानिस्तान की स्थिरता और सुरक्षा के बारे में चिंता बढ़ी।
विशेषज्ञों का मानना है कि रूस और भारत के लिए अफगानिस्तान की स्थिरता साझा क्षेत्रीय हित हो सकती है, लेकिन पाकिस्तान और चीन की मौजूदगी इस गठबंधन में भारत के शामिल होने के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो सकती है। भारत ने अब तक तालिबान के साथ बहुत कम संवाद किया है, लेकिन रूस का निमंत्रण इस्लामाबाद और काबुल के बिगड़ते रिश्तों के बीच भारत को इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करने के लिए प्रेरित कर सकता है। अफगानिस्तान के भविष्य पर इस नए गठबंधन के गठन से क्षेत्रीय कूटनीति में नई समीकरणें बन सकती हैं, लेकिन भारत के लिए यह एक जटिल निर्णय होगा।