एमबीबीएस व बीडीएस में प्रवेश की मेरिट लिस्ट जारी 10 हजार 79 अभ्यर्थियों ने कराया है पंजीयन
Aug 02, 2023
भोपाल । प्रदेश में सरकारी और निजी मेडिकल एवं डेंटल कालेजों में एमबीबीएस एवं बीडीएस में प्रवेश के लिए प्रावीण्य सूची चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने जारी कर दी है। कुल 10 हजार 79 अभ्यर्थियों ने एमपी आनलाइन के माध्यम से प्रवेश के लिए पंजीयन कराया है। प्रावीण्य सूची में सबसे ऊपर प्रगति जायसवाल हैं। उनकी नीट यूजी रैंक 334 है। वह ओबीसी श्रेणी में हैं। सूची में दूसरे नंबर पर हर्ष तिवारी की नीट यूजी रैंक 459 है। इस सूची में शीर्ष 10 में पांच लड़कियां और पांच लड़के हैं। शीर्ष 20 उम्मीदवारों की बात करें तो इसमें 16 अनारक्षित श्रेणी में हैं। कुल सीटों में से चार हजार 575 एमबीबीएस की और एक हजार 383 बीडीएस की हैं। प्रावीण्य सूची के आधार पर अभ्यर्थी पसंदीदा कालेज के लिए विकल्प देंगे। सात अगस्त को नीट के अंकों के आधार पर उन्हें सीटें आवंटित की जाएंगी। उधर भारतीय प्रबंध संस्थान (आइआइएम इंदौर) के निदेशक प्रो. हिमांशु राय का कार्यकाल पांच साल के लिए बढ़ा दिया गया है। वे 2028 तक जिम्मेदारी संभालेंगे। मंगलवार को संस्थान के बोर्ड आफ गवर्नर्स (बीओजी) अध्यक्ष एमएम मुरुगप्पन ने प्रो. राय का कार्यकाल बढ़ाए जाने और पुन: नियुक्त करने की घोषणा की। प्रो. राय के कार्यकाल के दौरान संस्थान ने तीन प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मान्यताएं हासिल कीं, जिसमें 2019 में एएसीएसबी मान्यता और 2023 में इक्विस से दोबारा मान्यता प्राप्त करना शामिल है। उनके कार्यकाल में संस्थान के 18 देशों और 45 से अधिक शैक्षणिक संस्थाओं के साथ साझेदारियां की गई हैं।