रायपुर नगर निगम महापौर चुनाव: कांग्रेस ने दीप्ति दुबे और भाजपा ने मीनल चौबे पर लगाया दांव

Jan 27, 2025

रायपुर। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर रायपुर नगर निगम महापौर पद के लिए कांग्रेस और भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने पूर्व महापौर और वर्तमान सभापति प्रमोद दुबे की पत्नी दीप्ति दुबे को मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा ने तीन बार की पार्षद और तेज-तर्रार नेत्री मीनल चौबे को उम्मीदवार बनाया है। दीप्ति दुबे एक अनुभवी साइकोलॉजिस्ट और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उनके पास मास्टर्स इन साइकोलॉजी और हिंदी साहित्य में एमए की डिग्री है। वर्तमान में वे पीएचडी कर रही हैं। दीप्ति दुबे मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और उनका एक मेंटल हेल्थ क्लीनिक भी है।

पिछले 20 वर्षों से कांग्रेस पार्टी से जुड़ी दीप्ति दुबे ने विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेकर अपनी पहचान बनाई है। महापौर पद के लिए अपनी प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में रायपुर को नई ऊंचाइयों पर ले जाना मेरा लक्ष्य है। मैं हर नागरिक को एक समृद्ध और सुरक्षित वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध हूं। भाजपा ने महापौर पद के लिए मीनल चौबे को टिकट दिया है। मीनल चौबे नगर निगम परिषद में नेता प्रतिपक्ष रह चुकी हैं और तीन बार पार्षद रही हैं। भाजपा महिला मोर्चा के विभिन्न पदों पर काम कर चुकीं मीनल चौबे संगठन में भी बेहद  सक्रिय हैं। उनकी छवि एक तेजतर्रार और अनुभवी नेत्री की है, जो सभी गुटों से तालमेल बिठाने में माहिर हैं। भाजपा ने उनकी प्रशासनिक अनुभव और संगठनात्मक कुशलता को ध्यान में रखते हुए उन्हें महापौर पद के लिए प्रत्याशी बनाया है।

छत्तीसगढ़ में 20 जनवरी से आचार संहिता लागू है। नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 28 जनवरी तक चलेगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 31 जनवरी है। 11 फरवरी को मतदान होगा और 15 फरवरी को परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस बार चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के माध्यम से कराए जाएंगे।  रायपुर नगर निगम के महापौर पद की यह टक्कर बेहद दिलचस्प हो चुकी है। कांग्रेस ने दीप्ति दुबे के रूप में सामाजिक और शैक्षिक पृष्ठभूमि से एक साफ छवि की प्रत्याशी उतारी है, वहीं भाजपा ने मीनल चौबे के तेजतर्रार और संगठनात्मक अनुभव पर भरोसा जताया है। दोनों पार्टियां चुनावी रणनीति में जुट चुकी हैं, और इस बार मुकाबला बेहद कड़ा होने की उम्मीद है।  


Subscribe to our Newsletter