नौवीं से 12वीं तक की तिमाही परीक्षाएं 12 से 21 सितंबर तक चलेगी सभी कक्षाओं की परीक्षाएं
Aug 23, 2023
भोपाल । लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने सरकारी स्कूलों में नौवीं से 12वीं तक की तिमाही परीक्षा के संबंध में समय-सारिणी जारी कर दी है। ये परीक्षाएं बोर्ड पैटर्न पर आयोजित की जाएंगी। नौवीं से 12वीं तक की तिमाही परीक्षाएं 12 सितंबर से शुरू हो रही हैं। सभी कक्षाओं की परीक्षाएं 21 सितंबर तक चलेगी। दो पालियों में परीक्षा आयोजित होंगी।
नौवीं व 10वीं की परीक्षा सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। पहला पेपर अंग्रेजी का होगा। वहीं 11वीं व 12वीं की परीक्षा दो पालियों में होगी। सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित होंगी। नौवीं से 12वीं तक की प्रायोगिक विषयों की परीक्षाएं भी 12 सितंबर से 21 सितंबर के बीच आयोजित की जाएगी।
विद्यार्थियों को परीक्षा कक्ष में परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पहले उपस्थित होना अनिवार्य होगा। परीक्षा शुरू होने के 10 मिनट के पूर्व विद्यार्थियों को उत्तरपुस्तिका एवं पांच मिनट पूर्व प्रश्नपत्र वितरित किए जाएं।डीपीआई द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा के दौरान अगर कोई सार्वजनिक या स्थानीय अवकाश घोषित किया जाता है तो भी परीक्षा कार्यक्रमानुसार संपन्न होगी।
बता दें, कि इस साल तिमाही, छमाही, वार्षिक व बोर्ड परीक्षाएं एक माह पहले आयोजित की जा रही हैं। पिछले साल अक्टूबर में तिमाही परीक्षा ली गई थी।