प्रधानमंत्री 14 सितंबर को आएंगे बीना
Sep 09, 2023
- 50 हजार करोड़ के पेट्रोकेमिकल परिसर की रखेंगे आधारशिला, तैयारियां हुई शुरू
भोपाल । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 सितंबर को सागर जिले के बीना आगासौद आ रहे हैं। वे यहां बीपीसीएल कंपनी में 50 हजार करोड़ रुपए की लागत से पेट्रोकेमिकल परिसर का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। प्रधानमंत्री के सागर जिले के बीना में कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर डोम लगना शुरू हो गया है। कार्यक्रम की तैयारियां और अलग-अलग व्यवस्थाओं को पूरा कराने के लिए अधिकारी व कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पीएम के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर दीपक आर्य ने कार्यक्रम स्थल पर तीन दिन में अस्थाई अस्पताल तैयार करने और पीएमओ द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। हेलीपैड व कार्यक्रम स्थल पर सर्वसुविधा युक्त पैरामेडिकल स्टाफ समेत अन्य सभी सुविधाओं वाली एंबुलेंस उपलब्ध कराएं। अस्थाई अस्पताल में भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। कलेक्टर आर्य ने कहा कि हेलीपैड व कार्यक्रम स्थल पर ग्रीन रूम तैयार रखें और आवश्यक बैरिकेडिंग कराएं। कार्यक्रम स्थल पर महिला, पुरुष, प्रेस, जनसमुदाय को अलग-अलग बैठने की व्यवस्था बनाई जाए। बैठकर व्यवस्था की जानकारी के लिए फ्लेक्स लगाएं। ताकि लोग अपने स्थान पर आसानी से पहुंच सकें।
सीसीटीवी कैमरों से होगी निरागनी
कलेक्टर आर्य ने कहा कि पीएमओ से जारी निर्देश के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर सेफ रूम वेटिंग कक्ष बनाया जाएगा। आवश्यकता अनुसार कम्प्यूटर ऑपरेटर, इंटरनेट की व्यवस्थाएं कराई जाएगी। उन्होंने पार्किंग स्थलों पर आवश्यक पहुंच मार्ग बनाने के निर्देश दिए। सभी पार्किंग स्थलों पर शौचालय, चूना लाइन पार्किंग, फ्लेक्स व सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्किंग स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाए। जिससे कि सभी वाहनों की सुरक्षा की जा सके। विद्युत आपूर्ति सामान्य रूप से रहे इसके लिए सभी जगह जनरेटर की व्यवस्था भी की जाए।