अगले 24 से 48 घंटे में करवट बदलेगी बिहार की राजनीति, नीतिश कुमार फिर बदल सकते हैं पाला

बिहार की राजनीति के लिए अगले 24 से 48 घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं। बिहार की राजनीति फिर से नई करवट लेने के लिए तैयार है। बिहार में राजनीतिक फिजा इनदिनों किस ओर बह रही है, इसका अनुमान लगा पाना फिलहाल मुश्किल नजर आ रहा है। लेकिन दावा है कि सीएम नीतीश कुमार भाजपा से नाराज हैं। इसके चलते नीतीश कुमार कांग्रेस, राजद और लेफ्ट के साथ मिलकर वैकल्पिक सरकार बनाने की तैयारी में जुटे हुए हैं। इसके कयास पिछले कई दिनों से लगाए जा रहे हैं। हालांकि, आरसीपी सिंह प्रकरण ने आग में घी डालने का काम किया है। जदयू लगातार भाजपा पर पार्टी तोड़ने का आरोप लगा रही है। जदयू की ओर से चिराग मॉडल का भी जिक्र किया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि चिराग मॉडल की ही तरह आरसीपी सिंह मॉडल को आगे बढ़ाया जा रहा था। हालांकि, जब रविवार को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह से इस लेकर सवाल हुआ, तब उन्होंने साफ तौर पर कहा कि भाजपा और जदयू में ऑल इज वेल है। लेकिन इस दौरान उन्होंने भाजपा सब बिना नाम लिए कई बार उस पर निशाना भी साधा।

मंगलवार को बिहार की राजनीति के लिए काफी अहम दिन है। दावा हैं कि मंगलवार को नीतीश कुमार ने विधायकों और सांसदों की बैठक बुलाई है। चर्चा है कि आरजेडी की भी मंगलवार को बड़ी बैठक हो रही है, इसमें पार्टी के विधायक शामिल होने वाले हैं। कांग्रेस भी अब इस लेकर हरकत में आ गई है। कांग्रेस के प्रभारी भक्त चरण दास पटना पहुंचने वाले हैं। खबर के मुताबिक पटना में भक्त चरण दास पार्टी के विधायकों से चर्चा करने वाले हैं। कुल मिलाकर बिहार में राजनीतिक हालात बहुत तेजी से बदल रहे हैं। बीजेपी फिलहाल सभी को खामोशी से देखती नजर आ रही है। बीजेपी की तरफ से ऐसा कोई बयान भी नहीं आ रहा है जिससे लगे कि गठबंधन में वाकई कोई दरार है। 

Subscribe to our Newsletter