भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव व वित्तीय सलाहकार संजीत ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा करते हुए दिये निर्देश
- नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त भरत यादव की उपस्थिति में की समीक्षा, भानपुर क्षेत्र में पथ विक्रेताओं से व्यक्तिगत रूप से की चर्चा
भोपाल। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया जाए। यह निर्देश भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव व वित्तीय सलाहकार संजीत ने नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त मध्यप्रदेश भरत यादव की उपस्थिति में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए दिए।
समीक्षा बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालस के अपर आयुक्त कैलाश वानखेड़े व नगर निगम भोपाल के अधिकारियों के साथ विभिन्न बैंकों के राज्यस्तरीय अधिकारी मौजूद थे जबकि मध्यप्रदेश के विभिन्न नगर निगमों के आयुक्त, जिलो के परियोजना अधिकारी, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संभागीय संयुक्त संचालक आदि ने वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। बैठक के उपरांत संजीत ने भोपाल के भानपुर क्षेत्र का भ्रमण कर पथ विक्रेताओं से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के संबंध में फीडबैक लिया। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव व वित्तीय सलाहकार संजीत ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान संजीत ने नगरीय विकास एवं आवास विभाग, बैंकों के अधिकारियों से समक्ष में एवं विभिन्न नगर निगमों, जिलों के परियोजना अधिकारियों आदि से वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से योजना के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
संजीत ने निर्देशित किया कि पी.एम. स्वनिधि के हितग्राहियों को सुगमता से ऋण उपलब्ध कराया जाये एवं द्वितीय एवं तीसरी किस्त लेने हेतु भी प्रेरित करें एवं ऋण की अदायगी हेतु भी प्रेरित किया जाकर हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाये। समीक्षा के उपरांत संजीत ने राजधानी के भानपुर क्षेत्र में नगर निगम की अपर आयुक्त सुश्री टीना यादव व अन्य अधिकारियों के साथ भ्रमण कर पथ पर फल, सब्जी, खाद्य पदार्थ आदि का विक्रय करने वाले पथ विक्रेताओं से व्यक्तिगत रूप से सीधा संवाद किया और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ऋण प्राप्ति एवं ऋण की अदायगी के संबंध में फीडबैक लिया।