विकास एवं जनसुविधा के कार्यों में समय-समय पर गुणवत्ता की जांच करें महापौर परिषद के सदस्य अशोक वाणी ने की यांत्रिक विभाग के कार्यें की समीक्षा

Sep 01, 2023


भोपाल । महापौर परिषद के सदस्य अशोक वाणी ने प्रभारी मुख्य अभियंता पी.के.जैन की उपस्थिति में यांत्रिक विभाग के कार्यों की समीक्षा की और कहा कि विकास एवं जनसुविधा के कार्यों की गुणवत्ता का समय-समय पर परीक्षण कराया जाए तथा जिन कार्यों के लिए कार्यादेश जारी किए गए है उन्हें तत्काल प्रारंभ कर प्रचलित कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराया जाए। श्री वाणी ने इस दौरान प्रचलित एवं प्रस्तावित कार्यों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की और वर्षा उपरांत एवं त्यौहारों के दृष्टिगत सड़कों के गड्ढ़े भरने व विभिन्न मदों से स्वीकृत  सड़कों के निर्माण शीघ्रता से कराने को कहा।  

महापौर परिषद में जनकार्य एवं उद्यान विभाग के प्रभारी सदस्य अशोक वाणी ने गुरूवार को यांत्रिक विभाग मुख्यालय में यांत्रिक विभाग के कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान श्री वाणी ने जनसुविधा एवं विकास कार्यें के संबंध में जानकारी प्राप्त की। श्री वाणी ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए विशेषकर जिन ठेकेदारों द्वारा 15 प्रतिशत से कम न्यूनतम दर दी गई है ऐसे कार्यों की गुणवत्ता का समय-समय पर परीक्षण किया जाए और कार्यों का नियमित रूप से निरीक्षण भी किया जाए। श्री वाणी ने कहा कि जिन कार्यों के कार्यादेश जारी हो चुके है परंतु लंबा समय बीतने के पश्चात भी ठेकेदारों द्वारा कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है उनके विरूद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करें और कार्यादेश जारी होने के पश्चात निर्धारित समवयावधि में कार्य पूर्ण कराएं।  

श्री वाणी ने वर्षा उपरांत एवं आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत सड़कों आदि के मरम्मत कार्यों की भी जानकारी प्राप्त की और कहा कि वर्षा व त्यौहारों के दृष्टिगत शहर की सभी सड़कों पर आवश्यकतानुसार गड्ढ़े भरने और विभिन्न मदों में सड़कों के निर्माण हेतु स्वीकृत कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण कराया जाए। समीक्षा बैठक में कार्यपालन यंत्री शैलेन्द्र श्रीवास्तव, एन.के.डहरिया, एस.के.जेमिनी, एस.के.राजेश सहित समस्त जोन क्षेत्रों में पदस्थ यांत्रिक विभाग सहायक यंत्री मौजूद थे।  


Subscribe to our Newsletter