“एक शाम शहीदों के नाम” से एक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन।*
Aug 11, 2023
सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाना, पश्चिम मध्य रेल भोपाल में आजादी की अमृत बेला के अवसर पर कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया।
तीन रंगों से बना तिरंगा उसका स्वाभिमान लिखूं, टोपी,तिलक लगाकर धर्मों का ईमान लिखूं या लाल लहू की बूंद बूंद से केवल हिंदुस्तान लिखूं। जब ओज और देशभक्ति से परिपूर्ण गीत की यह पंक्तियाँ कवि पंकज पण्डित ने पढ़ी तो सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाना पश्चिम मध्य रेल राजभाषाअनुभाग द्वारा आयोजित 'एक शाम शहीदों के नाम' राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में तो सभागार श्रोताओं की तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री अमितोज वल्लभ, मुख्य कारखाना प्रबंधक, श्री अजय कुमार दीक्षित, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी एवं श्री कुमार आशीष, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर ने सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री अमितोज वल्लभ महोदय ने कवियों का पुष्पगुच्छ एवं शॉल श्रीफल भेंटकर स्वागत किया। कवि सम्मेलन को आगे बढ़ाते हुए कवियत्री सुश्री प्रियंका मिश्रा (कटनी) ने अपनी रचना में कहा -
'कंगन,अंजन आलता,फीका सब श्रंगार।
बिखरा बिखरा रूप है, प्रियतम सरहद पार।'
कवि गोष्ठी को नई ऊंचाई दी कार्यक्रम में बाराबंकी से पधारे ओज और वीर रस के प्रसिद्ध कवि श्री शिव किशोर तिवारी "खंजन" ने अपना गीत पढ़ते हुये कहा -
'इतिहास रहा बलिदानी जो वो पथ प्रशस्त करते रहना। जय हिंद सदा कहते रहना, जय हिंद सदा कहते रहना।'
हास्य-व्यंग्य सम्राट वरिष्ठ कवि राकेश वर्मा "हैरत" ने अपनी प्रभावी पैरोडी पेश कर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया 'ये सब के सब मुरीद है फोकट के माल के, तुम जब भी वोट देना तो देना संभाल के।' इस अवसर पर कार्यक्रम के सूत्रधार संचालक दीपक शुक्ला दनादन भोपाल ने बहुत भावपूर्ण राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत रचना प्रस्तुत कर वातावरण को राष्ट्रीयता के भाव से जोड़ दिया, उनके गीत की पंक्तियां थी -
'राष्ट्र भावना जाग रही थी देशभक्ति के गानों से।' कार्यक्रम के अंत में कवि डॉ कुमार आशीष, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर ने भी अपनी कविता प्रस्तुत करते हुए सबका आभार प्रकट किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री बृजेन्द्र कुमार, वरिष्ठ अनुवादक, श्री गंगावासी शर्मा एवं युवा कवि नीतिराज चौरे और अखिलेश लोधी का सराहनीय योगदान रहा। इस कार्यक्रम में कारखाने के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।