पिज्जा आर्डर किया फिर डिलेवरी देने आये युवक से चाकू की नोंक पर मोबाइल नगदी छीन ली

Aug 18, 2023


भोपाल। राजधानी के पिपलानी थाना इलाके में तीन आरोपियो द्वारा डिलेवरी ब्वॉय से चाकू की नोंक पर मोबाइल नगदी छीनने की घटना प्रकाश में आई है। बताया गया है की आरोपियो ने पिज्ज आर्डर किया था, जिसे देने आये डिलेवरी ब्वॉय से उनका विवाद हो गया था। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी 27 वर्षीय शुभम शुक्ला ने अपनी शिकायत में बताया की वह मूल रुप से उमरिया जिले का रहने वाला है।

फिलहाल वह पिपलानी इलाके मे स्थित रविदास नगर में किराये से रहते हुए एक ऑनलाइन फूड सप्लाई करने वाली कंपनी में नौकरी करता है। बुधवार देर रात पिज्जा का आर्डर आने पर वह उसकी डिलेवरी देने कच्ची मार्केट, रामलीला मैदान के पास गया था। मुख्य सड़क पर पहुंचकर उसने आर्डर करने वाले युवक को फोन लगाया, तब उसके पास तीन युवक आये।

तीनों ने उससे पिज्जा लिया और उसे चाकू दिखाकर धमकाते हुए उसके पास रखी तीन सौ की नगदी सहित उसका मोबाइल छीन लिया और धमकाते हुए फरार हो गये। बाद में फरियादी पिपलानी थाने पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर फरियादी शुभम द्वारा बताये गये हुलिये सहित अन्य बिंदुओ की जांच के आधार पर दो संदेहियों को हिरासत में ले लिया।

सूत्रो के अनुसार एक आरोपी का नाम अमन है, वहीं उसका साथ पकड़ाया साथी नाबालिग है। मामले में पुलिस उनके तीसरो आरोपी की धरपकड़ के प्रयास कर रही है।



Subscribe to our Newsletter