कर्नाटक की तर्ज पर मप्र में वादे होंगे पूरे, कांग्रेस ने किया दावा प्रदेश में भी सरकार बनते ही गारंटियां होंगी पूरी

Aug 31, 2023

भोपाल । कर्नाटक राज्य की तर्ज पर मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस की सरकार बनने पर 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी पात्र बहनों को डेढ़ हजार रुपये महीना, पांच सौ रुपये में रसोई गैस सिलेंडर, सौ यूनिट बिजली फ्री और दो सौ यूनिट आधी दर पर देने, पुरानी पेंशन बहाली सहित गारंटियां पूरी होंगी। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस ने बहनों को सरकार बनने पर दो हजार रुपये महीना देने का वादा किया था, जिसे रक्षाबंधन के दिन पूरा कर दिया।

बुधवार से वहां 1.35 करोड़ बहनों को गृह लक्ष्मी योजना के माध्यम से राशि मिलने लगी है। यह बात कल प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष अभय दुबे और महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल ने भोपाल में कही। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में दुबे ने बताया कि कर्नाटक में महंगाई से परेशान बहनों को 2000 रुपये प्रतिमाह देने के साथ गृह ज्योति योजना में 1.51 करोड़ उपभोक्ताओं का 200 यूनिट बिजली का बिल माफ, अन्न भाग्य योजना में 78.4 लाख लोगों को 10 किलो चावल निश्शुल्क, शक्ति योजना में महिलाओं को निश्शुल्क बस यात्रा की सुविधा और युवा निधि स्नातक को तीन हजार और डिप्लोमाधारक को 1500 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। इसके लिए सर्वे अंतिम चरण में है।

इससे पता चलता है कि कांग्रेस जो कहती है, वह करती है, फिर चाहे कर्नाटक, राजस्थान-छत्तीसगढ़ या फिर मध्य प्रदेश। अब किसानों की ऋण माफी, पांच हार्स पावर तक किसानों को नि:शुल्क बिजली, किसान आंदोलन के मुकदमे वापस लेने, 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण का लाभ देने, जातिगत गणना, सिंचाई के पुराने बिजली बिल माफ करने सहित अन्य वचन पूरे किए जाएंगे। यहां 27 लाख किसानों का कर्ज माफ करने के साथ 87 प्रतिशत घरेलू उपभोक्ताओं का बिजली का बिल 100 रुपये के अंदर कर दिया था। बेटियों को विवाह में 51 हजार रुपये और सामाजिक सुरक्षा पेंशन दोगुनी कर दी थी। जनहित में हो रहे कामों से घबराकर भाजपा ने षडयंत्र करके चुनी हुई सरकार को गिरा दिया। 



Subscribe to our Newsletter