धनतेरस पर निवेशक सोने-चांदी के गहनों के अलावा चुन सकते हैं अन्य विकल्प

Oct 28, 2026

धनतेरस पर निवेशक सोने-चांदी के गहनों के अलावा चुन सकते हैं अन्य विकल्प 

-निवेश से पहले उससे जुड़े शुल्क, शुद्धता और शर्तों को अच्छी तरह समझ लें 

नई दिल्ली,। धनतेरस पर सोने और चांदी की खरीदारी करना शुभ माना जाता है। इस दिन लोग गहने या सिक्के खरीदते हैं, लेकिन आधुनिक वित्तीय साधनों के जरिए इन कीमती धातुओं में निवेश करके बेहतर रिटर्न हासिल किया जा सकता है। अपनी जरूरतों और वित्तीय लक्ष्यों के मुताबिक निवेशक गहनों के अलावा कई अन्य विकल्पों का चुनाव कर सकते हैं। 

पहला विकल्प सोने-चांदी के गहने, सिक्के या छड़ें खरीदना है। यह पारंपरिक तरीका है, हालांकि गहने खरीदते समय मेकिंग चार्ज और करों का अतिरिक्त भुगतान करना पड़ता है। यदि शुद्ध निवेश के नजरिए से देखा जाए तो सिक्के या छड़ें खरीदना ज्यादा उपयुक्त रहता है।

दूसरा विकल्प गोल्ड और सिल्वर ईटीएफ है। ये शेयर बाजार में खरीदे और बेचे जाने वाले फंड हैं, जो सोने-चांदी की वास्तविक कीमतों पर आधारित होते हैं। इसमें धातु को भौतिक रूप में घर पर रखने या चोरी होने का जोखिम नहीं रहता।

तीसरा विकल्प गोल्ड और सिल्वर म्युचुअल फंड है। जो निवेशक बिना डीमैट खाते के निवेश करना चाहते हैं, वे इन फंड्स के जरिए पैसा लगा सकते हैं। ये फंड मुख्य रूप से ईटीएफ में निवेश करते हैं। चौथा विकल्प डिजिटल गोल्ड है, जिसमें कई मोबाइल ऐप्स के जरिए बेहद कम रकम से भी ऑनलाइन सोना खरीदा जा सकता है।

सेबी या आरबीआई का प्रत्यक्ष नियंत्रण न होने के कारण डिजिटल गोल्ड में निवेश करने से पहले संबंधित प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता अवश्य जांच लेनी चाहिए। पांचवां विकल्प इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट है। यह शेयर बाजार में मानकीकृत मात्रा में कारोबार करने वाला साधन है, जहां खरीदे गए सोने को सुरक्षित वॉल्ट में रखा जाता है।

निवेशक जरुरत पड़ने पर इसे भौतिक सोने में भी बदल सकते हैं। जानकारों के मुताबिक निवेश का कोई भी तरीका चुनने से पहले उससे जुड़े शुल्कों, शुद्धता और तरलता की शर्तों को अच्छी तरह समझ लेना चाहिए ताकि त्योहार पर की गई खरीदारी वित्तीय रूप से भी लाभदायक सिद्ध हो सके।



Subscribe to our Newsletter