
मुंबई और ठाणे में महिलाओं के लिए वृद्धाश्रम और छात्रावास बनाए जाएंगे
Feb 28, 2025
मुंबई,। आम आदमी के किफायती आवास के सपने को पूरा करने वाली म्हाडा अब मुंबई और कोंकण क्षेत्र में वृद्धाश्रम और कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास बनाने की योजना बना रही है। पहले चरण में मुंबई और ठाणे में वृद्धाश्रम बनाए जाएंगे और इस परियोजना की योजना अंतिम चरण में है। इससे हजारों बेघर बुजुर्गों को आश्रय देने की समस्या का समाधान हो जाएगा और उन्हें वह आश्रय मिलेगा जिसके वे हकदार हैं।
दरअसल म्हाडा का इरादा एमएमआर क्षेत्र में ग्रोथ हब परियोजना के तहत अगले पांच वर्षों में मुंबई, ठाणे, पनवेल और रायगढ़ में आठ लाख घर बनाने का है, जिससे वरिष्ठ नागरिकों को आश्रय और कामकाजी महिलाओं को अच्छे आवास उपलब्ध हो सकें। पहले चरण में, म्हाडा मुंबई बोर्ड के माध्यम से वर्सोवा, अराम नगर, अंधेरी पश्चिम और कोंकण बोर्ड के माध्यम से ठाणे के माजीवाड़ा स्थित विवेकानंद नगर क्षेत्र में सभी आधुनिक सुविधाओं के साथ वृद्धाश्रम बनाने का प्रस्ताव कर रहा है। इसके लिए योजना अपने अंतिम चरण में है और वृद्धाश्रम में उपलब्ध कराई जाने वाली सभी सुविधाओं पर विचार करके रूपरेखा तय की जाएगी। उसके बाद कार्य शुरू होगा। म्हाडा ने कहा है कि भविष्य में पुणे, नागपुर और नासिक बोर्ड द्वारा भी वृद्धाश्रम स्थापित किए जाएंगे।
- कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास
म्हाडा ने व्यावसायिक उद्देश्यों से मुंबई आने वाली महिलाओं की सुविधा के लिए छात्रावास बनाने की भी योजना बनाई है। पहले चरण में मुंबई उपनगर में 10 छात्रावास बनाए जाएंगे और इसके लिए जगह की तलाश जारी है। जबकि ठाणे के माजीवाड़ा में महिलाओं के लिए एक छात्रावास बनाने का प्रस्ताव है और इस छात्रावास में एक समय में 200 महिलाएं रह सकेंगी।