महापौर हेल्प लाईन पर प्राप्त कोई भी शिकायत लंबित न रहे
Aug 22, 2023
महापौर श्रीमती मालती राय ने महापौर हेल्प लाईन की समीक्षा करते हुए दिए निर्देश
भोपाल। महापौर श्रीमती मालती राय ने महापौर हेल्प लाईन की साप्ताहिक समीक्षा करते हुए निर्देशित किया है कि हेल्प लाईन पर प्राप्त कोई भी शिकायत लंबित न रहे सभी शिकायतों को त्वरित गति से 24 घण्टे के भीतर निराकृत करें। महापौर हेल्प लाईन पर माह अगस्त तक 2294 शिकायते प्राप्त हुई है जिनमें से 1794 शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण कर दिया गया है और लंबित शिकायतों के निराकरण हेतु कार्यवाही त्वरित गति से कार्यवाही की जा रही है।
महापौर श्रीमती मालती राय द्वारा शहर के नागरिकों की शिकायतों/समस्याओं के निराकरण हेतु प्रारंभ की गई महापौर हेल्प लाईन की साप्ताहिक समीक्षा निरंतर की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को महापौर श्रीमती राय ने स्मार्ट कार्यालय स्थित कॉल सेंटर में महापौर हेल्प लाईन पर प्राप्त शिकायतों एवं उनके निराकरण हेतु की गई कार्यवाही की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान लंबित शिकायतों के संबंध में अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा की और निर्देशित किया कि महापौर हेल्प लाईन पर प्राप्त सभी शिकायतों पर त्वरित गति से निराकरण किया जाए और कोई भी शिकायत लंबित न रहे। इस दौरान महापौर श्रीमती राय ने अनेक शिकायतकर्ताओं से भी चर्चा कर फीडबेक लिया। शिकायतकर्ताओं ने अपनी शिकायतों के तत्काल एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण पर महापौर श्रीमती राय के प्रति धन्यवाद भी ज्ञापित किया।
समीक्षा के दौरान महापौर श्रीमती राय को अवगत कराया गया कि माह अगस्त 2023 में वर्तमान तक 2294 शिकायते प्राप्त हुई जिनमें से 78 प्रतिशत अर्थात 1794 शिकायतों को संतुष्टिपूर्ण निराकरण कर दिया गया है तथा शेष शिकायतों के निराकरण हेतु त्वरित गति से कार्यवाही की जा रही है।