राजधानी में 3 हजार करोड़ की लागत से बनेगा नया बाइपास मंडीदीप से शुरू होकर कोलार रोड होते हुए इंदौर मार्ग से जुडेगा
Sep 05, 2023
(भोपाल)
भोपाल । राजधानी में 3 हजार करोड़ रुपए की लागत से नया बाइपास बनेगा। यह बायपास मंडीदीप के पहले से शुरू होकर कोलार रोड होते हुए इंदौर मार्ग से जुडेगा। इस बायपास में एक रेलवे ब्रिज, दो फ्लाइओवर और 15 अंडरपास बनेंगे। इस बाइपास के बनने से जबलपुर या नर्मदापुरम से आने वाले लोगों को इंदौर जाने के लिए लगभग 25 किलोमीटर कम दूरी तय करनी होगी। वहीं, नगरीय क्षेत्रों में सड़कों के काम को गति देने के लिए कायाकल्प योजना में राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में गुरुवार को होने वाली कैबिनेट में प्रस्ताव अंतिम निर्णय के लिए रखे जाएंगे।
इन कार्यों को कैबिनेट बैठक में मंजूरी मिलने की उम्मीद है। कैबिनेट बैठक में इसके अलावा आशा कार्यकर्ता और पर्यवेक्षकों की प्रोत्साहन राशि में वृद्धि, पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की निजी स्थापना में लवीना फूलवानी की संविदा नियुक्ति, रीवा जवा तहसील को अनुविभाग का दर्जा देने, भारतीय जनता पार्टी मंडल अशोक नगर को कार्यालय निर्माण के लिए भूमि आवंटन, मेधावी विद्यार्थी योजना में संशोधन, कपास पर मंडी शुल्क कम करने, खेलो एमपी यूथ गेम्स सहित अन्य विषयों पर निर्णय लिया जाएगा।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि भोपाल का नया बाईपास 40.90 किलोमीटर का रहेगा। चार लेन के इस बाइपास के साथ दो लेन की सर्विस रोड भी बनाई जाएगी। परियोजना लागत की 4 प्रतिशत राशि 5 किस्तों में तो शेष राशि 15 वर्षों की किस्तों में दी जाएगी। इस बाइपास के बनने से वाहन भोपाल शहर में नहीं आएंगे।
मंडीदीप से कोलार, रातीबड़, फंदा होते हुए देवास-इंदौर मार्ग पर आ जाएंगे। वहीं, नगरीय क्षेत्रों में सड़कों के विकास के लिए कायाकल्प योजना में निकायों को फिर राशि दी जाएगी। इससे वर्षा में क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत के साथ नए निर्माण भी कराए जाएंगे।