कुत्तों की लडाई में भिडे पडोसी, दो की गोली मारकर हत्या चार महिलाओं सहित एक युवक गंभीर
Aug 18, 2023
(भोपाल)
भोपाल । बीती रात प्रदेश के इंदौर शहर में पालतों कुत्तों की लडाई में दो पडोसी आपस में भिड गए। विवाद बढा तो एक पडोसी ने दूसरे पर बंदूक से फायर झोक दिया, जिसमें गोली लगने से दो लोगों को मौत हो गई। वहीं करीब पांच लोग घायल हो गए। शहर में दो दिन के अंदर तीन लोगों की हत्या हो गई है। बुधवार रात ही सिविल इंजीनियर अतुल जैन की धार रोड पर चाकू मारकर हत्या की गई थी। ताजा मामले में कृष्णबाग में एक शख्स ने पड़ोसियों पर फायरिंग कर दी। इनके बीच कुत्ते को टहलाने को लेकर विवाद हुआ था।
आरोपित ने हवा में गोलियां चलाईं, जिसमें चार महिलाओं सहित एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। महिला की बंदूक के छर्रे लगने से आंख खराब हो गई है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लाइसेंसी बंदूक जब्त कर ली है। एडिशनल पुलिस उपायुक्त जोन-2 अमरेंद्रसिंह के मुताबिक घटना गुरुवार रात करीब 10.30 बजे बी-सेक्टर की है। आरोपित का नाम राजपालसिंह राजावत है। वह बैंक आफ बड़ौदा में गार्ड है। उसके पास पालतू श्वान है। रात को उसने श्वान को टहलने के लिए छोड़ा था। वह काट न ले, इस डर से घर के सामने रहने वाले विमल आमेचा ने पत्थर मारकर भगाना चाहा। राजावत को यह बात बुरी लगी और वह घर में टंगी लाइसेंसी बंदूक ले आया।
राजावत ने डराने के लिए शुरू में हवा में गोलियां चलाईं। बाद में उसने रहवासियों पर ही फायर कर दिए। हमले में विमल आमेचा, राहुल वर्मा, प्रमोद आमेचा, सीमा, ज्योति, ललित, कमला, मोहित घायल हो गए। विमल और राहुल को गंभीर चोट आई। सभी को एमवाय अस्पताल भिजवाया लेकिन विमल और राहुल की तो मौत हो गई। बाकी को छर्रे लगे। घायल ज्योति राहुल की पत्नी है। उसकी आंख में छर्रे लगे हैं। पुलिस के मुताबिक राजावत और सामने रहने वाले विमल के श्वान में लड़ाई हुई थी। इसी बात पर विमल और राजावत में कहासुनी हो गई। नौबत हाथापाई तक आ पहुंची। राजावत ने अपनी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से दनादन फायर कर डाले। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और बंदूक जब्त की।