(मुरादाबाद) मामत में बदलीं खुशियां, अचानक लगी आग से परिवार के पांच लोगों की मौत
Aug 26, 2022
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में उस समय खुशियां मातम में बदल गईं, जब तीन मंजिला बिल्डिंग में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते एक ही परिवार के पांच लोगों की जलकर मौत हो गई। जिस घर में आग लगी है, उस घर में दो लड़कियों की शादी शुक्रवार को होने वाली थी। अचानक लगी आग ने खुशियों वाले घर को मातमी माहौल में बदल दिया। पुलिस ने बताया कि मुरादाबाद के गलशहीद थाना इलाके के असालतपुरा में गुरुवार की देर शाम तीन मंजिला मकान के गोदाम में अचानक आग लग गई।
बताया जाता है कि आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और चारो ओर फैल गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दूसरी मंजिल पर रह रहा परिवार समय रहते निकल नहीं पाया और आग की लपटों में फंस गया। इस हादसे में कबाड़ी की पत्नी, बहू, पोता और पोती समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकी कई लोगों को बचा लिया गया है।
बताया जाता है कि घर के नीचे पुराने टायर के स्क्रैप का गोदाम था, जिसके चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस मकान में कुल 12 लोग रहते थे। फायर बिग्रेड ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक आग ने अपना विकराल रूप दिखा दिया था। मरने वालों में एक ही परिवार के पांच लोग शामिल हैं। मृतकों में 7 साल की नाफिया, 3 साल का इबाद, 12 साल की उमेमा, 35 साल की शमा परवीन, 65 साल की कमर आरा शामिल हैं।
बताया जाता है कि इस घर में दो लड़कियों की शादी शुक्रवार को होने वाली थी, जिसकी तैयारी में पूरा परिवार जुटा था। यह हादसा ऐसे समय पर हुआ जब कबाड़ी की दो नातिनों की शादी की तैयारी चल रही थी और गुरुवार को शाम के समय मंडप का कार्यक्रम हो रहा था। तभी आग लग गई। बताया जाता है कि आग शार्ट सर्किट की वजह से लगी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख जताते हुए जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर जरूरी मदद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।