एमपी: पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी के भतीजे की दूकान में 10 करोड़ की चोरी
Sep 16, 2023
-सीसीटीवी और डीवीआर भी उखाड़ कर ले गए चोर
रतलाम । जिले के जावरा की सराफा दुकान में चोरों ने पीछे से सेंध लगाकर करोड़ों रुपए के जेवर पर हाथ साफ कर दिया। यह दुकान मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी के भतीजे की है। चोरी की वारदात जावरा के बजाज खाना चौक स्थित कोठारी ज्वेलर्स पर हुई। भारी बारिश का फायदा उठाकर चोर दुकान में पीछे के रास्ते से घुसे और पूरी दुकान ही खाली कर दी। चोर 10 करोड रुपए से ज्यादा का माल ले गए।
दुकान प्रकाश कोठारी की है जो जावरा व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष और हिम्मत कोठारी के भतीजे हैं। चोर सीसीटीवी और डीवीआर भी उखाड़ कर ले गए ताकि पता नहीं लगाया जा सके। पुलिस टीम सुबह मौके पर पहुंची और दूसरे सीसीटीवी कैमरे के जरिए चोरों को पता लगाने में जुटी है। चोरी की घटना में जाने पहचाने लोगों का हाथ हो सकता है। क्योंकि कोठारी के मकान का काम चल रहा है और चोर वहां से पीछे के रास्ते घुसे। मकान में काम करने वालों के बारे में पुलिस पूछताछ कर रही है।