पैसा जमा,कटने लगी किश्त, फिर भी न मिला आशियाना
Aug 12, 2023
भोपाल। नगर निगम की आवासीय परियोजनाओं में देरी की वजह से पूरा पैसा चुकाने के बाद भी घर नहीं मिल पा रहा है। इससे आवंटी परेशान हैं। 12 नंबर स्थित नगर निगम की आवासीय परियोजना अधूरी होने से परेशान आवंटियों ने नगर निगम मुख्यालय के सामने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। साथ ही नगर निगम आयुक्त से मिलकर जल्द आवास दिलाने के लिए ज्ञापन सौंपा।
बता दें कि भोपाल के 12 नंबर क्षेत्र में बन रही नगर निगम की मल्टी में फ्लैट्स बुक कराने वालों का इंतजार लंबा हो गया है। सैकड़ों लोग पिछले 4 वर्ष से घर के लिए भटक रहे हैं। उनका कहना है कि पजेशन नहीं मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। दो वर्ष पहले जितना स्ट्रक्चर खड़ा हुआ था, वह अब भी वैसा ही है। नगर निगम के अफसर समस्या सुनने को तैयार नहीं है। ऐसे में बैंक का लोन चुकाए या फिर किराया भरें, कुछ समझ में नहीं आ रहा। आवंटियों का कहना है कि बीते चार वर्ष पहले उन्होंने आवास की बुक कराया था। एक वर्ष पहले बैंको से लोन लेकर पूरा पैसा भी चुका दिया। अब हर माह 15 से 20 हजार रुपये लोन कि किश्तें चुकानी पड़ रही है। वहीं जिस मकान में रह रहें हैं, उसका अलग किराया चुका रहे हैं। जिससे आवंटियों की आर्थिक स्थित पर असर पड़ रहा है।