हाट बाजार में सब्जी खरीदने गये कारोबारी की जेब से मोबाइल चोरी
Aug 11, 2023
भोपाल। गोविंदपुरा थाना इलाके में लगने वाले हाट बाजार में खरीददारी करने गये कारोबारी को अपना निशाना बनाते हुए जेबकटो ने उनका कीमती मोबाइल उड़ा दिया। पुलिस के अनुसार मिसरोद स्थित जाटखेड़ी के पास निरूपम रॉयल पॉम कॉलोनी में रहने वाले 49 वर्षीय देवी सिंह राजपूत पिता मोकम सिंह राजपूत ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी नादरा बस स्टेंड पर कृषि संयंत्रों को बेचने की दुकान है।
दो दिन पहले वे कस्तूरबा अस्पताल के पास लगने वाले साप्ताहिक हाट बाजार में सब्जी खरीदने गये थे। खरीददारी के दौरान ही किसी अज्ञात आरोपी ने हाथ की सफाई दिखाते हुए उनकी शर्ट की जेब में रखा मोबाइल चोरी कर लिया गया। उनके मोबाइल में दो सिम लगी थी।
थोड़ी देर बाद मोबाइल का ध्यान आने पर देखा तब उन्हें चोरी का पता चला। फरियादी ने अन्य व्यक्ति से फोन लेकर अपने मोबाइल पर फोन लगाया लेकिन वह स्विच आफ आ रहा था। बाद में उन्होनें पुलिस में लिखित शिकायत की थी, जिसकी जॉच के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।