पिज्जा डिलीवरी ब्वाय को लूटा बदमाशों ने

Aug 19, 2023


पिज्जा का आर्डर देकर बुलाया था डिलीवरी ब्वाय को 

भोपाल । बदमाशों ने पहले पिज्जा  का आर्डर दिया और जब डिलीवरी ब्वाय पिज्जा पहुंचाने के लिए आया तो आरोपियों ने  उसे चाकू अड़ाकर उसे लूट लिया। यह घटना शहर के पिपलानी इलाके की है।  घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है। पिपलानी पुलिस के मुताबिक 27 वर्षीय शुभम शुक्ला इंद्रपुरी के एक पिज्जा सेंटर में डिलीवरी ब्वाय का काम करता है।

बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक बजे के करीब एक आर्डर का पिज्जा लेकर पिपलानी गुरुद्वारे के पास आया था। उसने ग्राहक को फोन किया तो उसका फोन काट दिया। बाद में शिफ्ट मैनेजर से बात कराने पर उन्होंने कान्फ्रेंस काल के माध्यम से ग्राहक से बात कराई तो उसने रामलीला मैदान कच्ची मार्केट में आर्डर देने के लिए बुलाया।

वहां पहुंचने पर शुभम को तीन लोग मिले। उन लोगों ने उसके गले पर चाकू अड़ा दिया और उसकी जेब से तीन सौ रुपये निकाले और उसका मोबाइल छीनकर भाग गए। बाद में डर के कारण वह अपने घर चला गया। गुरुवार को दिन में मैनेजर को पूरा घटनाक्रम बताया और बाद में उनके साथ पिपलानी थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगे है। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।



Subscribe to our Newsletter