मंत्री सारंग व महापौर श्रीमती राय ने बीसीएलएल की बसों में यात्रा कर बहनों को दी रक्षाबंधन की बधाई

Aug 31, 2023


बहनों ने रक्षाबंधन पर मुफ्त यात्रा की सुविधा के लिए किया आभार व्यक्त  

भोपाल। महापौर श्रीमती मालती राय द्वारा रक्षाबंधन के पर्व पर बीसीएलएल की बसों में बहनों के लिए मुफ्त यात्रा की दी गई सुविधा का अवलोकन करने हेतु चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग व महापौर श्रीमती मालती राय ने बीसीएलएल की बसों में यात्रा कर सहयात्री बहनों को मिष्ठान खिलाकर रक्षाबंधन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा रक्षाबंधन पर उपलब्ध कराई गई निशुल्क यात्रा के संबंध में भी चर्चा की।  जिस पर बसों में यात्रा कर रही बहनों ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लाड़ली बहना योजना के माध्यम से बहनों को आत्मनिर्भर बना रहे हैं।  वहीं बहनों की सुविधा के लिए महापौर श्रीमती मालती राय ने निशुल्क यात्रा की सुविधा देकर सराहनीय कार्य किया है।  हम मुख्यमंत्री एवं महापौर के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। 

 चिकित्सा शिक्षा मंत्री सारंग एवं महापौर श्रीमती राय ने बुधवार को रक्षाबंधन के पावन पर्व पर लिंक रोड नंबर 1 से बीसीएलएल की बसों में यात्रा की और बसों में सफर कर रही महिला यात्रियों को मिष्ठान खिलाकर रक्षाबंधन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।  सारंग एवं श्रीमती राय ने अनेक महिला यात्रियों से बसों में निशुल्क यात्रा के संबंध में जानकारी प्राप्त की और पूछा कि बसों में आपसे किसी ने कोई किराया आदि तो नहीं लिया।  जिस पर महिलाओं ने अवगत कराया कि हमसे कोई शुल्क नहीं लिया गया है और हमारा यह बहुत सुखद अनुभव है। अनेक महिला यात्रियों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लाडली बहना योजना के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सहायता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया साथ ही महापौर श्रीमती मालती राय के प्रति भी आभार व्यक्त किया।  जिन्होंने रक्षाबंधन के पर्व पर भोपाल में अपनी बहनों के लिए निशुल्क की यात्रा की व्यवस्था की। 

-  महापौर परिषद के सदस्य मनोज राठौर ने भी बसों में यात्रा कर बहनों को दी बधाई 

रक्षाबंधन के अवसर पर महापौर परिषद के सदस्य मनोज राठौर द्वारा भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड की बसों में सफर कर रही बहनों का फूलों से स्वागत किया और मिठाई खिलाकर बधाई भी दी। राठौर ने यात्री महिलाओं से निशुल्क यात्रा के संबंध मे वार्तालाप भी किया। महिला यात्रियों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं श्रीमती मालती राय का धन्यवाद भी किया।  



Subscribe to our Newsletter