सुभाषनगर से एम्स के बीच टेस्टिंग में बढ़ाई मेट्रो की स्पीड
Jul 14, 2025
- ट्रैक पर 90 किमा/घंटा की रफ्तार से दौड़ रही मेट्रो
भोपाल। भोपाल में मेट्रो की अब 90 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से टेस्टिंग शुरू हो गई है। ये टेस्टिंग पूरे 6.22 किमी लंबे ट्रैक यानी, सुभाषनगर से एम्स के बीच की जा रही है। कॉमर्शियल रन के दौरान जब मेट्रो दौड़ेगी, तब भी यही रफ्तार रहेगी।
वहीं, मेट्रो के फेरे भी बढ़ा दिए गए हैं। ताकि, टेस्टिंग पूरी की जा सके। उधर, मेट्रो स्टेशन के अधूरे कामों को भी पूरा किया जा रहा है। अभी एम्स, अलकापुरी और डीआरएम तिराहा स्टेशनों पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। खासतौर पर इनकी एंट्री और एग्जिट पर काम तेजी से चल रहा है। सभी काम सितंबर तक खत्म करने की डेडलाइन तय की गई है। इसके बाद अक्टूबर या नवंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेट्रो की शुरुआत कर सकते हैं।
दो चरणों में होगी तकनीकी जांच
इंदौर में 31 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेट्रो का वर्चुअल उद्घाटन किया था। अब अगला फोकस भोपाल मेट्रो पर है। भोपाल मेट्रो के डिपो के अधूरे कामों के साथ-साथ एम्स, अलकापुरी और डीआरएम तिराहा स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट, सिविल वर्क, सिस्टम, रोलिंग स्टॉक, ट्रैफिक, सिग्नलिंग और आंतरिक व बाहरी निर्माण कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। इन्हें अगस्त-सितंबर तक हर हाल में पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके बाद आरडीएसओ (रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड ऑर्गेनाइजेशन) की टीम भोपाल मेट्रो की तकनीकी जांच करेगी। इसके लिए सभी जरूरी दस्तावेज पहले ही जमा किए जा चुके हैं। आरडीएसओ की अनुमति के बाद, सीण्मआरएस (कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी) की टीम अंतिम निरीक्षण करेगी। ओके रिपोर्ट मिलने के बाद ही भोपाल मेट्रो में यात्रियों की आवाजाही शुरू हो सकेगी।
सात साल पहले शुरू हुआ था काम
भोपाल में मेट्रो का पहला रूट एम्स से करोंद तक 16.05 किलोमीटर लंबा है। इसमें से 6.22 किमी एम्स से सुभाष नगर के बीच का काम प्रायोरिटी कॉरिडोर के रूप में 2018 में शुरू हुआ था। सुभाषनगर से आरकेएमपी स्टेशन तक काम पूरा हो गया है। इसके आगे अलकापुरी, एम्स और डीआरएम मेट्रो स्टेशन तक ट्रैक का काम हो चुका है और मेट्रो यहां तक पहुंच चुकी है। वहीं, दोनों स्टील ब्रिज की लोड टेस्टिंग भी की जा चुकी है।