
ट्रंप की शपथ से पहले हुए कई बदलाव, राष्ट्रपति बनने से पहले यूक्रेन, मिडिल ईस्ट पर बड़ा ऐलान
Jan 20, 2025
वॉशिंगटन। लंबे इंतजार के बाद आज डोनाल्ड ट्रंप आज अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। इससे पहले उन्होंने अपने समर्थकों को संबोधित किया। वॉशिंगटन में मेक अमेरिका ग्रेट अगेन विजय रैली के दौरान भयानक ठंड, बर्फबारी और बारिश के बावजूद यह समर्थक ट्रंप को सुनने पहुंचे थे। इस दौरान ट्रंप ने ढेरों वादे किए और बतौर अमेरिकी राष्ट्रपति अपने इरादों को भी जाहिर किया। इस दौरान ट्रंप ने कहा कि वह यूक्रेन में चल रहे युद्ध को बंद करा देंगे। मिडिल ईस्ट में मची उठापटक पर भी लगाम लगा देंगे। इतना ही नहीं, ट्रंप ने यह भी कह दिया कि वह तृतीय विश्वयुद्ध की नौबत नहीं आने देंगे। उन्होंने कहा कि आप लोगों को आइडिया नहीं है कि हम तृतीय विश्वयुद्ध के कितने करीब हैं।
सोमवार को यहां पर लोगों को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि यह अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा राजनीतिक अभियान है। अभी 75 दिन पहले ही हमारा देश सबसे ऐतिहासिक राजनीतिक जीत का गवाह बना है। ट्रम्प ने अमेरिकी इतिहास में सबसे बड़े निर्वासन का वादा किया है। यह लाखों प्रवासियों को हटा देगा। इतने बड़े अभियान में कई साल लगेंगे और यह काफी महंगा भी होगा।
उन्होंने यह भी कहाकि वह 1500 से ज्यादा लोगों को माफी देंगे जिन्हें यूएस कैपिटल पर हमले को लेकर सजा मिली है या दोषी ठहराया गया है। साथ ही उन्होंने बाइडेन प्रशासन के तमाम सजा के फैसलों पर भी रोक लगाने की बात कही। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव अभियान के दौरान जो भी वादे किए गए थे, उन्हें काफी तेजी से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक तेजी और मजबूती के साथ अमेरिकी लोगों की हर तकलीफ को दूर किया जाएगा। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने कार्यकाल के पहले दिन 200 से अधिक आदेशों पर हस्ताक्षर करेंगे। यह आदेश सीमा सुरक्षा, ऊर्जा, अमेरिकी परिवारों के लिए रहने की लागत कम करने और संघीय सरकार में डीईआई कार्यक्रमों को समाप्त करने संबंधी होंगे।