(टोक्यो) पूर्व जापानी पीएम शिंजो आबे की हत्या मामले में राष्ट्रीय पुलिस प्रमुख देंगे इस्तीफा

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या मामले में देश के राष्ट्रीय पुलिस प्रमुख ने गुरुवार को कहा कि वह पिछले महीने चुनाव प्रचार के दौरान आबे की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा देंगे। राष्ट्रीय पुलिस एजेंसी ने, आबे की जिंदगी बचाने में नाकामी पर एक रिपोर्ट जारी की है। इसके बाद एजेंसी के प्रमुख इतारू नकामुरा ने इस्तीफे की घोषणा की है। आठ जुलाई को पश्चिमी जापान के नारा में आबे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस की रिपोर्ट में आबे की पुलिस सुरक्षा में खामियां पाई गई हैं जिस वजह से कथित हमलावर ने उन्हें पीछे से गोली मार दी।

नकामुरा ने यह नहीं बताया कि वह कब इस्तीफा देंगे। कथित बदूंकधारी तेतसुया यमगामी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया था और फिलहाल उसकी मानसिक जांच की जा रही है जो नवंबर के अंत तक चलेगी। उसने पुलिस को बताया कि उसने पूर्व प्रधानमंत्री को उनके ‘यूनिफिकेशन चर्च’ के साथ संबंधों की वजह से निशाना बनाया था, क्योंकि वह चर्च से नफरत करता है। आबे के परिवार ने गुरुवार को उनकी हत्या के 49वें दिन उन्हें बौद्ध परंपराओं से निजी कार्यक्रम में श्रद्धांजलि दी।

Subscribe to our Newsletter