देश का विकास संबंधी अनुभव अन्य देशों के लिए बन सकता है मिसाल : सीईए

Feb 27, 2025

जोहानिसबर्ग। केंद्र सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) वी. अनंत नागेश्वरन ने यहां दक्षिण अफ्रीका और भारत के प्रमुख प्रवासी व्यापारिक नेताओं की संगोष्ठी में कहा कि भारत के विकास संबंधी अनुभव अन्य देशों के लिए मिसाल बन सकते हैं। भारतीय उच्चायोग, जोहानिसबर्ग स्थित महावाणिज्य दूतावास और सीआईआई इंडिया व्यापार मंच द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित संगोष्ठी में नागेश्वरन मुख्य वक्ता थे। सीआईआई इंडिया व्यापार मंच दक्षिण अफ्रीका में निवेश करने वाली 150 से अधिक भारतीय कंपनियों का प्रतिनिधित्व करता है।

नागेश्वरन ने कहा ‎कि भारत सबसे अधिक आबादी वाला देश है जो लोकतांत्रिक राजनीति के संदर्भ में और संघीय शासन संरचना के संदर्भ में खुद को एक विकसित राष्ट्र में बदलने की कोशिश कर रहा है। इसलिए, भारत के अनुभव (दक्षिण अफ्रीका) सहित कई देशों के लिए बहुत उपयोगी साबित हो सकते हैं। उन्होंने विकसित भारत योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा ‎कि भारत सदैव उत्साह व अवसरों की भूमि रहेगा जहां अन्य देशों के लिए सीखने के अनेक सार्वजनिक नीति प्रतिमान होंगे क्योंकि हम अगले 25 वर्षों में 3000 अरब से 13000 अरब तक की यात्रा करेंगे। नागेश्वरन ने यह भी सुझाव दिया कि नए वैश्विक परिवेश में साझेदारी के प्रति बदले हुए दृष्टिकोण की आवश्यकता है।



Subscribe to our Newsletter