नवागत आयुक्त फ्रेंक नोबल ए. ने कंट्रोल एंड कमांड सेंटर तथा गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन का किया निरीक्षण

Aug 03, 2023


कार्य प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की 

कचरा वाहनों की मॉनीटरिंग और अधिक बेहतर ढंग से करने के दिये निर्देश 
भोपाल निगम आयुक्त फ्रैंक नोबल ए. ने इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर तथा गोविन्दपुरा गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण किया तथा दोनों की कार्य प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की एवं कचरा वाहनों की और अधिक बेहतर ढंग से मॉनीटरिंग करने, सहायक  स्वास्थ्य अधिकारियों व स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों के प्रतिदिन के कार्यों की जानकारी सायंकाल में फीड कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण यंत्री आर.के. सक्सेना सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद थे। 

निगम आयुक्त फ्रैंक नोबल ए. ने बुधवार को प्रात: गोविन्दपुरा स्मार्ट सिटी कार्यालय स्थित इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर का निरीक्षण किया और कचरा वाहनों सहित निगम के अन्य वाहनों की मॉनीटरिंग हेतु आटोमेटेड व्हीकल ट्रेकिंग सिस्टम की संपूर्ण प्रक्रिया और स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन वाहनों एवं कर्मचारियों के चार्ट का अवलोकन किया। निगम आयुक्त ने निर्देशित किया कि प्रतिदिन जोनवार जो भी कार्यवाही की जाती है उसकी जानकारी सायंकाल तक फीड करें।  

निगम आयुक्त नोबल ने गोविन्दपुरा गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण किया और ट्रांसफर स्टेशन पर कचरा पहुंचाने व निष्पादन की प्रक्रिया के साथ ही प्रतिदिन एकत्र होने वाले गीले-सूखे कचरे की मात्रा, वाहनों के ट्रिप एवं उनकी जानकारी संधारण, स्पाट फाईन, स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता संबंधी गतिविधियों की मॉनीटरिंग हेतु गठित दलों की कार्यवाही आदि के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। निगम आयुक्त श्री नोबल ने ट्रांसफर स्टेशन पर आने वाले वाहनों का निरीक्षण किया एवं कम्प्यूटर पर संधारित डेटा का अवलोकन भी किया। निगम आयुक्त श्री नोबल ने स्वच्छता संबंधी सभी कार्यों को और अधिक बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने, कचरा वाहनों की मॉनीटरिंग और अधिक बेहतर ढंग से करने के निर्देश दिए। 



Subscribe to our Newsletter