उपयंत्रियों की बैठक में सी.ई.ओ. ऋतु राज ने दिये निर्देश - जी.आई.एस. प्लान सहित, दृश्य स्वच्छता पर दिया जाये विशेष ध्यान

Jul 29, 2023

भोपाल। आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 के दृष्टिगत स्वच्छ भारत मिशन के कार्यो को प्राथमिकता के आधार पर संपादित करने व उनकी स्थायीत्वता बनाये रखने के लिए सी.ई.ओ. जिला पंचायत ऋतु राज ने फंदा एवं बैरसिया विकासखण्ड के उपयंत्रियों की बैठक में उन्हें निर्देशित किया है। गांवों में विभिन्न निर्माण कार्यो जैसे नाली निर्माण, सोक पिट, लीज पिट आदि की जी.आई.एस. प्लानिंग करने व मुख्य स्थानों पर दृश्य स्वच्छता के कार्यो को विशेष रूप से समय-सीमा में संपादित किया जाना है।

इसके लिए समस्त उपयंत्रियों को 06 अगस्त तक की समय-सीमा निर्धारित की गई है। गौरतलब है कि पूर्व ग्रामीण स्वच्छता सर्वेक्षण में भोपाल को वेस्ट जोन में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ था। इस बार भी स्वच्छता का तमगा लेने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य जारी है। सीईओ ज़िला पंचायत ने सभी उपयंत्रियों को अपने-अपने क्लस्टर में सुपरविजन का कार्य सौंपा है, जो अपनी ग्राम पंचायतों में भ्रमण कर स्वच्छता सम्बन्धी समस्याओं का तत्काल निराकरण कराया जाना सुनिश्चित करेंगे। 

बैठक में सी.ई.ओ. फंदा शंकर नामदेव पांसे, एम.एल. अहिरवार, संजय खरे, सहायक यंत्री सहित दोनों विकासखण्ड के समस्त उपयंत्री उपस्थित रहे। 

  • - सप्ताह में तीन दिन वृहद स्तर पर हो साफ-सफाई अभियान

स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण अंतर्गत किये गए समस्त निर्माण कार्यो एवं एसेट्स की पोर्टल पर एन्ट्री आवश्यक रूप से सुनिश्चित की जावे। सप्ताह में 03 दिन (शुक्रवार, शनिवार व रविवार) को वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाकर गांवों में साफ-सफाई की स्थायीत्वता सुनिश्चित की जावे। गंदे जल का फैलाव खुले में न हो इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए।



Subscribe to our Newsletter