उत्तराखंड के पांच जिलों में हो सकती है भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि

Oct 30, 2026

 -40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं, चारधाम यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता के निर्देश 

देहरादून,। मौसम विभाग ने शुक्रवार को उत्तराखंड के पांच जिलों नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली में गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी बारिश का भी अनुमान है।

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने संबंधित जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने भी आम लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा है।

सचिव सुमन ने मीडिया को बताया कि सभी जिलों को आपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाएं सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। चारधाम यात्रा मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतने और खराब मौसम या खतरे की स्थिति में उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रोकने को कहा गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें अवरुद्ध होने की आशंका को देखते हुए लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और सीमा सड़क संगठन सहित संबंधित एजेंसियों को मशीनरी व संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।


Subscribe to our Newsletter