फिल्म निर्माण से सरकार को 1000 करोड़ की कमाई
Aug 14, 2023
भोपाल । मध्य प्रदेश में फिल्म निर्माता बड़ी तेजी के साथ आकर्षित हो रहे हैं। बॉलीवुड के साथ-साथ दक्षिण के फिल्म निर्माता भी बड़ी संख्या में मध्य प्रदेश पहुंच रहे हैं। मध्यप्रदेश के ऐतिहासिक स्थल, जंगल, नदी और प्रकृति के मनोहारी दृश्य फिल्म निर्माताओं को लुभा रहे हैं। मध्यप्रदेश में फिल्मों की शूटिंग करना अन्य राज्यों की तुलना में सस्ता पड़ रहा है। पर्यटन स्थलों की ब्रांडिंग सारे देश और दुनिया में हो रही है। जिसके कारण मध्यप्रदेश में पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। मध्य प्रदेश सरकार को फिल्म निर्माताओं से शुल्क के रूप में एक हजार करोड़ रुपए की आय हुई है। मध्य प्रदेश के पर्यटन विभाग को आशा है कि हर साल 500 करोड रुपए से ज्यादा की आय फिल्म निर्माण के क्षेत्र से होगी।
प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला पर्यटन विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य है। जिसने फिल्म शूटिंग की अनुमति को लोक सेवा गारंटी सेवा से जोड़कर रखा है। 15 दिन के अंदर ऑनलाइन अनुमति दी जाती है। मध्य प्रदेश में 10-15 करोड रुपए से लेकर 50-60 करोड़ तक की फिल्म निर्माण का कार्य बड़ी तेजी के साथ बढ़ा है। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा फिल्म निर्माताओँ को सब्सिडी भी दी जा रही है। फिल्म निर्माता यदि स्थानीय कलाकारों को काम देते हैं, तो उन्हें अतिरिक्त सब्सिडी दिए जाने का प्रावधान है।
फिल्मों के कारण मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थल बड़ी तेजी के साथ भारत के सभी हिस्सों में लोकप्रिय हो रहे हैं। पिछले वर्षों में मध्य प्रदेश का पर्यटन बड़ी तेजी के साथ बढ़ा है। लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार भी मिल रहा है।